JharkhandLead NewsRanchi

23 नवंबर तक ख्वाबों की दुनिया में झामुमो, चुनाव में सबसे भ्रष्ट सरकार को जनता दिखा रही बाहर का दरवाजा: प्रतुल शाहदेव

Ranchi: भाजपा के प्रदेश प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने झारखंड मुक्ति मोर्चा के प्रेस वार्ता पर पलटवार किया है. झामुमो द्वारा करीब 60 सीटों पर जीत के दावे पर कहा कि 23 नवंबर की शाम जब तक परिणाम नहीं आते तब तक झारखंड मुक्ति मोर्चा ख्वाबों की दुनिया में रह सकती है. झामुमो कुछ भी दावे कर ले, छाती ठोक ले लेकिन चुनाव परिणाम आने के बाद यह हार का ठीकरा ईवीएम पर फोड़ने की तैयारी में है.

प्रतुल ने कहा कि यह पहली बार हुआ है कि कोई दल दस्तावेज जारी करके यह बता रहा है कि कितने सीटों पर वह जीत दर्ज करेगा और प्रतिद्वंद्वी कितने सीट पर हारने वाला है. हास्यास्पद बात है कि इस दस्तावेज में भी जहां भी झामुमो कड़ा मुकाबला दिखा रहा है, वह सभी कांग्रेस के हिस्से वाली सीटें हैं. यानी उन्हें अपने गठबंधन पर ही विश्वास नहीं.

प्रतुल ने कहा कि भले ही वह कागजों में जीत का बड़ा दावा कर रहे हो. लेकिन हकीकत में झारखंड की जनता ने झारखंड के इतिहास की सबसे भ्रष्ट हेमंत सरकार को पूरे तरीके से खारिज कर दिया है. इस सरकार ने सिर्फ लूट ,खसोट और भ्रष्टाचार का पिछले 5 वर्षों में कार्य किया. भ्रष्टाचार ने शिष्टाचार बनाकर संस्थागत रूप ले लिया. जनता पूरे तरीके से इनकी वादा खिलाफी से ऊब चुकी थी. 23 नवंबर को इनको बाहर का रास्ता दिखाने जा रही है. यह कागजों पर जीत का दावा कर रहे हैं. जमीनी हकीकत है कि जनता ने पूरे तरीके से गठबंधन को बाहर का रास्ता दिखा दिया है. कोल्हान और संतालपरगना प्रमंडल जिसे यह अपना गढ़ मानते थे, वहां भी उनकी करारी हार होने वाली है.

भारतीय जनता पार्टी कई उन सीटों पर भी जीत दर्ज करने जा रही है जहां उसने आजादी के बाद कभी जीत दर्ज नहीं की.बीजेपी के पक्ष में जबरदस्त माहौल था और सत्ताधारी दल को उखाड़ फेंकने का लोगों में संकल्प था. इसकी परिणीति 23 नवंबर को दिखेगी जब एनडीए गठबंधन दो तिहाई बहुमत से जीतेगा.झारखंड मुक्ति मोर्चा के नेतृत्व वाला गठबंधन अपने इतिहास  की सबसे कम सीटों पर सिमट जाएगी.

Related Articles

Back to top button