
Ranchi : पांच साल की बहुमत वाली सरकार ने तो विभिन्न विभागों में नियुक्ति के लिए रिक्तियों का पूरा पुलिंदा तैयार किया था, लेकिन नियुक्ति की प्रक्रिया गिने-चुने विभागों में ही पूरी हो पायी. उसमें भी जिन विभागों में प्रक्रिया प्रारंभ हुई, विवादों में रही.
सरकार की ओर से कार्मिक व प्रशासनिक विभाग ने विभिन्न विभागों की ओर से भेजी रिक्तियों की सूची तैयार करायी थी. विभागों में नियुक्तियां झारखंड लोक सेवा आयोग और झारखंड कर्मचारी चयन आयोग की ओर से की जानी थी.
दोनों ही चयन एजेंसियों को नियुक्ति प्रक्रिया शुरू करने के लिए कहा गया था. लेकिन स्कूली शिक्षा, पुलिस, वन विभाग के अलावा किसी अन्य विभाग में नियुक्ति नहीं हो सकी.
इसे भी पढ़ें : #JharkhandElection: पहले चरण में 6 अति नक्सल प्रभावित जिलों में चुनाव, पिछले 9 महीनों में इन जिलों से आ चुके हैं 114 नक्सल मामले
सर्वाधिक बहाली शिक्षकों की
गौर करने वाली बात यह है कि सबसे ज्यादा नियुक्ति शिक्षा विभाग में ही हुई है जिसमें प्लस टू, हाइस्कूल और कक्षा एक से पांच और पांच से आठ तक के लगभग 25 हजार शिक्षकों की नियुक्ति शामिल है.
इसके अलावा पुलिस विभाग में 2500 दारोगा की नियुक्ति हुई. 2200 फोरेस्ट गार्ड की नियुक्ति की गयी. ये सभी नियुक्तियां केवल कर्मचारी चयन आयोग की ओर से की गयी हैं.
जेपीएससी की ओर से अब तक एक भी बहाली नहीं हो पायी है. जेपीएससी अकाउंट आफिसर, असिस्टेंट इंजीनियर सहित कई पदों के लिए केवल आवेदन आमंत्रित कर पाया.
इसे भी पढ़ें : शहीद ग्राम आवास योजना : दो साल दो माह पूर्व अमित शाह ने किया था भूमि पूजन, एक ईंट भी नहीं जुड़ी
सात विभागों ने नहीं भेजी अधियाचना
राज्य सरकार के सात विभागों ने अपने यहां की रिक्तियों के लिए नियुक्ति की कोई अधियाचना नहीं भेजी.
इनमें सूचना प्रौद्योगिकी एवं ई-गवर्नेंस विभाग, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, मंत्रिमंडल (निर्वाचन) विभाग, मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग, भवन निर्माण विभाग और विधि विभाग हैं.
विभिन्न विभागों की प्रमुख रिक्तियां जिन पर नहीं हो सकी बहाली
| पद | रिक्तियां |
| आइआरबी आरक्षी | 2810 |
| वायरलेस दारोगा | 100 |
| औद्योगिक बल में आरक्षी | 172 |
| विशेष शाखा में आरक्षी | 1012 |
| कक्षपाल पुरुष | 1151 |
| कक्षपाल पुरुष (बैकलॉग) | 112 |
| अंचल निरीक्षक | 108 |
| अमीन | 169 |
| राजस्व कर्मचारी | 557 |
| निम्नवर्गीय लिपिक | 983 |
| निम्नवर्गीय लिपिक (बैकलॉग) | 132 |
| जेई | 345 |
| निम्नवर्गीय लिपिक | 261 |
| सेनेटरी सुपरवाइजर | 639 |
| राजस्व निरीक्षक | 180 |
| निम्नवर्गीय लिपिक | 152 |
| अनुदेशक | 779 |
| प्रखंड कल्याण पदाधिकारी | 139 |
| स्नातक प्रशिक्षित शिक्षक | 382 |
| प्रखंड कृषि पदाधिकारी | 222 |
| सचिवालय सहायक | 104 |
| सचिवालय नि. लिपिक | 172 |
| वरीय अंकेक्षक | 112 |
| प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी | 274 |
| कनीय अभियंता | 150 |
| जेई (सिविल) | 205 |
| पंचायत सचिव | 1687 |
| निम्नवर्गीय लिपिक | 100 |
| उत्पाद सिपाही | 518 |
| महिला पर्यवेक्षिका | 208 |
| सांख्यिकी सहायक | 158 |
| प्रयोगशाला प्रावैधिक | 270 |
| फार्मासिस्ट | 296 |
| परिचारिका | 262 |
| वरीय अंकेक्षक | 112 |
इसे भी पढ़ें : #JharkhandElection: उम्मीदवार जिनके रिश्तेदार दूसरी पार्टियों के प्रमुख पदों पर हैं काबिज




