JharkhandLead NewsNEWSRanchi

10 जून को सांसद शिबू सोरेन के आवास पर झारखंड राज्य समन्वय समिति की होगी बैठक

Ranchi: सांसद और झामुमो के केंद्रीय अध्यक्ष शिबू सोरेन की अध्यक्षता में झारखंड राज्य समन्वय समिति की बैठक 10 जून को होगी. यह बैठक उनके मोरहाबादी स्थित आवास (इंडियन रेड क्रॉस सोसाइटी के बगल), रांची में पूर्वाह्न 11 बजे से शुरू होगी. बैठक के संबंध में मंत्रिमंडल सचिवालय एवं निगरानी विभाग, झारखंड की ओर से समिति के अध्यक्ष समेत विशेष आमंत्रित सदस्यगण, सभी सदस्य और आमंत्रित सदस्यों को भी सूचना जारी कर दी गयी है. इसमें सबों के सम्मिलित होने की अपील की गयी है.

गौरतलब है कि नवंबर 2022 को झारखंड राज्य समन्वय समिति के संबंध में सरकार (मंत्रिमंडल सचिवालय) के स्तर से नोटिफिकेशन जारी किया गया था. इसमें शामिल किये गये सदस्यों को मंत्री का दर्जा दिया गया है, जिनका कार्यकाल तीन वर्षों का है. समिति में झामुमो और कांग्रेस के कई नेताओं के अलावा राजद से मंत्री सत्यानंद भोक्ता को भी शामिल किया गया है. समिति के अध्यक्ष शिबू सोरेन, मंत्री आलमगीर आलम, सत्यानंद भोक्ता, पूर्व मंत्री बंधु तिर्की और विधायक सरफराज अहमद को मंत्री का दर्जा नहीं दिया गया है. प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष राजेश ठाकुर, झामुमो के फागु बेसरा, बिनोद पांडेय और योगेंद्र महतो को मंत्री का दर्जा दिया गया है.

समिति का कार्यालय सांसद शिबू सोरेन के आवास में ही तय किया गया है. इसका काम समय-समय पर राज्य सरकार को परामर्श देने का है. राज्य के पिछड़े क्षेत्रों में आर्थिक विकास की गति को तेज करने और संबंधित योजनाओं पर सम्यक विचार करना है. समिति की बैठक हर माह तय किये जाने का प्रावधान है पर 10 जून को पहली बार औपचारिक बैठक होगी. हालांकि इससे पहले अनौपचारिक बैठक होती रही है.

इसे भी पढ़ें: Pm आवास योजना: झारखंड ने छूटे हुए आठ लाख लाभुकों के लिए आवास स्वीकृत करने का केंद्र से किया आग्रह

 

Related Articles

Back to top button