
Jamshedpur : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर जिला प्रशासन की तैयारी युद्ध स्तर पर जारी है. ऐसे में पूर्वी सिंहभूम जिले में मंगलवार को गोलमुरी से लेकर जुगसलाई प्रखंड अंतर्गत होने वाले चौथे चरण के पंचायत चुनाव के मद्देनजर ब्लॉक आफिस में एक आवश्यक बैठक का आयोजित हुई. इस दौरान बैठक का नेतृत्व प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने किया.
उक्त बैठक में मुख्य रूप से गोलमुरी से जुगसलाई प्रखंड अंतर्गत पड़ने वाले कुल 7 थानों के थाना प्रभारी भी मौजूद रहे. जिनके साथ प्रखंड विकास पदाधिकारी ने शांतिपूर्ण ढंग से मतदान से लेकर मतगणना कार्य को संपन्न कराने को लेकर रणनीति तैयार की. बैठक के बाद सभी ग्राम पंचायतों के सदस्यों एवं मुखिया पद के एआरओ को मुख्य रूप से प्रशिक्षण भी दिया गया. जिसमें नॉमिनेशन से लेकर मतगणना तक के उनके कार्यों को विस्तार से बताया गया. इस संबंध में प्रखंड विकास पदाधिकारी प्रवीण कुमार ने बताया कि पंचायत चुनाव में किसी भी प्रकार से आचार संहिता का उल्लंघन ना हो, साथ ही विधि-व्यवस्था बनी रहे.
इसे लेकर बैठक में महत्वपूर्ण दिशा-निर्देश संबंधित पदाधिकारियों को दिया गया है. उन्होंने कहा कि जितने भी एआरओ है, उन्हें विशेष तौर पर प्रशिक्षण दिया जा रहा है कि नॉमिनेशन से लेकर मतगणना तक वे अपने कार्यों को किस प्रकार से वे जिम्मेदारीपूर्वक निभायेंगे. साथ ही निर्वाचन आयोग द्वारा जो भी निर्देश जारी किये गये है, उन सभी नियमों को सावधानीपूर्वक निभाने की जिम्मेदारी से सभी को अवगत कराया गया है. उक्त बैठक के दौरान अंचलाधिकारी, विभिन्न थानों के थाना प्रभारी एवं एएसआई के अलावा एआरओ उपस्थित थे.
इसे भी पढ़ें – बिहार में जेईई एडवांस्ड की परीक्षा 11 शहरों में ली जायेगी




