JharkhandNEWS

मालटोटी पुल पर एक महीने से लगा ब्रेक, जान जोखिम में डालकर सफर कर रहे लोग मांडर में NH-39 पर अधूरा निर्माण बना मुसीबत, एक तरफ से गुजर रहे छोटे-बड़े वाहन; कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा

मांडर (रांची)। रांची जिले के मांडर प्रखंड में NH-39 पर मालटोटी पुल के पास सड़क की बदहाल व्यवस्था राहगीरों के लिए परेशानी का सबब बन गई है। सड़क निर्माण के नाम पर करीब एक महीने से रास्ते का एक हिस्सा बंद है, लेकिन निर्माण कार्य शुरू नहीं होने से लोगों की मुश्किलें लगातार बढ़ रही हैं। मालटोटी चौक से ब्राम्बे चौक तक वाहनों को एक ही तरफ से गुजरना पड़ रहा है। ऐसे में व्यस्त मार्ग पर हर समय दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।

स्थानीय लोगों के मुताबिक, सड़क का एक हिस्सा बंद किए जाने के बाद से यातायात व्यवस्था प्रभावित है। दिन हो या रात, छोटे वाहनों से लेकर भारी वाहनों तक को एक ही रास्ते से गुजरना पड़ता है। आमने-सामने से वाहनों के आने पर चालकों को काफी सावधानी बरतनी पड़ती है। कई बार इस वजह से जाम जैसी स्थिति भी बन जाती है। लोगों का कहना है कि इस दौरान छोटी-मोटी दुर्घटनाएं भी हो चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद संबंधित विभाग की ओर से कोई ठोस पहल नहीं की गई है।

हैरानी की बात यह है कि भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने निर्माण कार्य के लिए सड़क के एक हिस्से को बंद तो कर दिया, लेकिन करीब एक महीने बीत जाने के बाद भी काम आगे नहीं बढ़ा है। न तो निर्माण कार्य में तेजी दिखाई दे रही है और न ही यातायात को सुरक्षित रखने के लिए कोई बेहतर वैकल्पिक व्यवस्था की गई है।

मुर्गू पुल की घटना से भी नहीं लिया गया सबक?

मालटोटी पुल की मौजूदा स्थिति ने लोगों को मुर्गू पुल के पास पहले हुई परेशानियों की याद दिला दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि मुर्गू पुल के पास भी लंबे समय तक सड़क की स्थिति बेहद खराब रही थी। गड्ढों और जर्जर सड़क के कारण करीब दो वर्षों तक लोगों को परेशानियों का सामना करना पड़ा था। इस दौरान कई दुर्घटनाएं हुई थीं और स्थानीय लोगों के दावे के मुताबिक, हादसों में 15 से 20 लोगों की जान तक चली गई थी।

उस समय स्थानीय विधायक शिल्पी नेहा तिर्की और उनके समर्थकों ने सड़क जाम कर विरोध जताया था। साथ ही NHAI के अधिकारियों को ज्ञापन सौंपकर जल्द सड़क निर्माण और यातायात व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई थी। इसके बाद प्राधिकरण ने मामले को गंभीरता से लेते हुए डायवर्सन का निर्माण कराया था, जिससे लोगों को कुछ राहत मिली थी।

हादसे से पहले जागे प्रशासन, ग्रामीणों की मांग

अब मालटोटी पुल के पास भी लगभग वैसी ही स्थिति बनती नजर आ रही है। सड़क बंद है, निर्माण कार्य रुका हुआ है और वाहन चालक जोखिम उठाकर सफर करने को मजबूर हैं। स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि किसी बड़ी दुर्घटना के बाद कार्रवाई करने के बजाय विभाग को पहले ही सुरक्षा के इंतजाम करने चाहिए।

ग्रामीणों ने NHAI से मांग की है कि मालटोटी पुल के पास जल्द से जल्द निर्माण कार्य शुरू कराया जाए। जब तक निर्माण पूरा नहीं होता, तब तक यातायात के लिए सुरक्षित डायवर्सन बनाया जाए। इसके अलावा सड़क पर स्पष्ट संकेतक, बैरिकेडिंग और रात के समय पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था भी की जाए।

अब देखना यह होगा कि NHAI प्रशासन लोगों की इस परेशानी को कितनी गंभीरता से लेता है और किसी बड़े हादसे से पहले सड़क निर्माण एवं यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए क्या कदम उठाता है।

Related Articles

Back to top button