
Ranchi: झारखंड क्रिकेट एसोसिएशन द्वारा आयोजित झारखंड अंतर जिला अंडर-19 क्रिकेट टूर्नामेंट में रांची की टीम विजेता बनी है. दो दिवसीय फाइनल मुकाबले में रांची ने सिमडेगा को 106 रनों से हरा दिया. रांची ने पहले बैटिंग करते हुए सभी विकेट खोकर 62 ओवरों में 245 रन बनाए. अनमोल राज ने 50, आर्यन राज ने 45, उत्तम ने 42 और प्रिंस ने 39 रनों का योगदान दिया. सिमडेगा टीम के लिए अनुपम ने 4 और गुरुशरण ने 3 विकेट लिए. इसके जवाब में सिमडेगा की पूरी टीम 35.5 ओवरों मे 139 रन पर ही सिमट गई. टीम के लिए अनुपम ने 40 और सचिन ने 29 रन बनाए. रांची के लिए संतोष और मो कैफ ने शानदार गेंदबाजी की. दोनों को 5-5 विकेट मिले. मैच में संतोष को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया. पारितोषिक वितरण जेएससीए अध्यक्ष संजय सहाय, सचिव देवाशीष चक्रवर्ती द्वारा किया गया. मौके पर जेएससीए कार्यकारणी सदस्य विजय कुमार पुरी, जेएससीए सदस्य जय कुमार सिन्हा, मनोज यादव और शैलेन्द्र कुमार सहित अन्य भी उपस्थित थे.




