
Washington: दुनिया के कई देश कोरोना वायरस की चपेट में हैं. वहीं अमेरिका इससे सबसे अधिक प्रभावित है. अमेरिका में अभी तक 1,40,000 से अधिक लोगों की कोविड-19 से जान जा चुकी है और संक्रमण के 38 लाख से ज्यादा मामले सामने आए हैं.
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कोरोना वायरस से निपटने के लिए उनके प्रशासन द्वारा किए जा रहे प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि दुनिया में कोविड-19 संबंधी जांच की संख्या के मामले में अमेरिका पहले और भारत दूसरे नंबर पर है.
इसे भी पढ़ेंःगाजियाबाद: पत्रकार की मौत के बाद शव लेने से परिवार का इनकार, कहा- मुख्य आरोपी को पकड़े पुलिस
उम्मीद से पहले आयेगी वैक्सीन
ट्रंप ने कोरोना वायरस की जानकारी देने के लिए कई सप्ताह बाद व्हाइट हाउस में आयोजित किए गए संवाददाता सम्मेलन में कहा, ‘‘हम संक्रमण के कारण मारे गए लोगों के लिए एक परिवार के तौर पर शोक मनाते हैं. मैं उनके सम्मान में संकल्प करता हूं कि हम टीका बनाएंगे और वायरस को मात देंगे. हम टीका बनाने और चिकित्सीय निदान ढूंढने की दिशा में बेहतर कर रहे हैं.’’
ट्रंप ने कहा, ‘हमने वायरस के बारे में बहुत कुछ जान लिया है. हमें पता है कि कौन खतरे में हैं और हम उनकी रक्षा करेंगे.’ ट्रंप ने आश्वासन दिया कि कोरोना वायरस का टीका उम्मीद से काफी पहले आ जाएगा.
इसे भी पढ़ेंःबिहार में Corona से अब तक 198 की मौत, मरीजों की संख्या 28.5 हजार के पार
जांच में भारत दूसरे नबंर पर
ट्रंप ने कोविड-19 की जांच के संबंध में किए गए सवाल के जवाब में कहा कि अमेरिका इसमें सबसे आगे है. उन्होंने कहा, ‘हम जल्द ही पांच करोड़ का आंकड़ा पार कर देंगे. दूसरे नंबर पर भारत है, जिसने 1.2 करोड़ जांच की हैं. मुझे लगता है कि हम व्यापक स्तर पर जांच कर रहे हैं.’
वहीं एक अन्य सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि वायरस की स्थिति बेहतर होने से पहले बदतर हो सकती है. उन्होंने कहा, यह दुर्भाग्यवश, बेहतर होने से पहले बदतर हो सकती है. इस दौरान ट्रंप ने कई बार वायरस को ‘चीनी वायरस’ भी कहा. राष्ट्रपति ने मास्क पहनने और सामाजिक दूरी बनाए रखने की अपील भी की. उन्होंने कहा, आपको अच्छा लगे या नहीं, लेकिन इससे फायदा हो रहा है.
इसे भी पढ़ेंःसरकार के खिलाफ कुछ बोलने-लिखने की मनाही, गुजरात पुलिस के लिए सख्त गाइडलाइन जारी




