
Ranchi: बाबा साहेब भीमराव अम्बेडकर आवास योजना से झारखंड में इस वित्तीय वर्ष सिर्फ 1900 आवास ही बन पाये हैं. केंद्र प्रायोजित पीएम आवास ग्रामीण से अतिरिक्त झारखंड सरकार ने इस योजना को प्रारंभ किया और योग्य लाभुकों को आवास देने का कार्य आरंभ किया गया. इसके तहत प्राकृतिक आपदा से पीड़ित ग्रामीण परिवार अथवा अति गरीब परिवार जिनको पीएम आवास योजना-ग्रामीण से लाभ प्राप्त नहीं हो रहा है अथवा महिला प्रमुख अति गरीब परिवार को आवास योजना का लाभ देने के लिए बाबा साहेब भीमराव अंबेडकर योजना प्रारंभ की गयी. ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों के अनुसार वित्तीय वर्ष 2016-2023 के लिए अब तक कुल 47,855 लक्ष्य के विरूद्ध 47,190 आवास स्वीकृत किए गये हैं जिसमें 34,558 में 76 प्रतिशत आवास को पूरा किया गया. वहीं, वित्तीय वर्ष 2022-23 में 11, 155 आवास के लक्ष्य के विरूद्ध कुल 10,499 लाभुकों को आवास की स्वीकृति दी गयी है, जिसमें 1900 आवास पूर्ण कर लिया गया है. मिली जानकारी के अनुसार सभी आवासों के वर्तमान वित्तीय वर्ष में ही पूरा करने का टारगेट जिलों को दिया गया है.
इसे भी पढ़ें: कोडरमा-गोमो रेलखंड पर हादसा, तीन घंटे तक रेल यातायात रहा बाधित




