
Nikhil kumar
Ranchi: झारखंड में बड़े पैमाने पर अधिकारियों की पोस्टिंग लंबित है. इनमें सबसे अधिक झारखंड प्रशासनिक सेवा के अधिकारी हैं. जिन्हें बिना काम के ही बैठा कर रखा गया है. अधिकारिक सूत्रों के अनुसार करीब 45-50 अफसर अब भी वेटिंग में हैं.इनमें डीटीओ से सेवा वापस हुए विष्णु देव कच्छप भी हैं. जिन्हें करीब आठ माह से वेटिंग में रखा गया हैं. कार्मिक विभाग में योगदान देने के बाद से अब भी वे नयी जगह पोस्टिंग के इंतजार में हैं. ऐसे और भी अधिकारी हैं जिनका स्थानांतरण-पदस्थापन लंबित हैं. खाद्य आपूर्ति विभाग, भू-राजस्व विभाग, परिवहन विभाग से सेवा वापस किए गये दर्जनों अफसर भी अब भी वेटिंग फॉर पोस्टिंग में हैं. एक अगस्त को करीब 96 अफसरों का स्थानांतरण-पदस्थापन किया गया था, इनमें 16 वैसे अफसर थे जिन्हें अंचल अधिकारी से एसडीओ रैंक में प्रमोशन भी मिला था. इन्हें कार्मिक विभाग में योगदान करने को कहा गया था. यहां से उन्हें एसडीओ रैंक में पोस्टिंग की जानी हैं. लेकिन इसके लगभग दो माह हो गये हैं.अब भी ये अधिकारी वेटिंग फॉर पोस्टिंग में हैं. बड़े पैमाने पर अधिकारियों की पोस्टिंग लंबित होने से क्षेत्रों का कामकाज प्रभावित हो रहा है, कई कार्यालयों में अधिकारियों की भी कमी हो गयी है. मिली जानकारी के अनुसार कार्मिक विभाग ने इनकी सूची तैयार की है, स्थानांतरण-पदस्थापन के लिए संचिका भी बढ़ाई गयी है.इन प्रोन्नत अधिकारियों की पोस्टिंग लंबित ये सभी अधिकारी अनुमंडल पदाधिकारी के रैंक में प्रोन्नत हुए और इनकी पोस्टिंग बाकी है. एक अगस्त को ही इनका तबादला करते हुए कार्मिक विभाग में योगदान के लिए कहा गया था. इनमें, संध्या मुंडू, कुमार सौरभ, आशीष कुमार मंडल, मधुश्री मिश्रा, अभिषेक कुमार, हरिश्चंद मुंडा, अमित कुमार श्रीवास्तव, समीर कश्यप, मयंक भूषण शशिकांत सिंधकर, संजय पांडेय, राकेश कुमार श्रीवास्तव, अरविंद देवशीष टोप्पो, विजय कुमार-1, प्रवीण कुमार सिंह, गुलजार अंजुम प्रताप मिंज.




