
New Delhi: दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण चरम पर पहुंच गया है. यहां पिछले चार-पांच दिनों से स्मॉग की मोटी चादर दिख रही है. रविवार को भी दिल्ली का एयर क्वालिटी इंडेक्स 400 से ऊपर चला गया. आईक्यू एयर के मुताब़िक इस समय वायु प्रदूषण से घिरे दुनिया के दस बड़े शहरों में तीन भारत के हैं.
इनमें दिल्ली, मुंबई और कोलकाता शामिल हैं. दिल्ली में मौसम विभाग के मुताबिक़ राजधानी, एनसीआर और इससे सटे इलाकों में अगले तीन दिनों तक वायु प्रदूषण से राहत की कोई संभावना नहीं है.
पिछले तीन दिन से राजधानी दिल्ली और एनसीआर में लोगों को प्रदूषण की वजह से सांस लेने में दिक्कत हो रही है. लोगों का घर से बाहर निकलना दूभर हो गया है. आंखों में जलन, छीकें और गले में ख़राश की परेशानी हो रही है.
एक्सपर्ट के मुताबिक जब एक्यूआई शून्य और 50 के बीच हो उसे ‘अच्छा’ कहा जाता है. 51 और 100 के बीच ‘संतोषजनक’ 101 और 200 के बीच ‘मध्यम’, 201 और 300 के बीच ‘खराब’, 301 और 400 के बीच ‘बहुत खराब’ 401 और 500 के बीच ‘गंभीर’ माना जाता है.




