
Jamshedpur : टाटा स्टील ने सीआरएम बारा कॉम्प्लेक्स में ट्रक ड्राइवरों के लिए अन्य सुविधाओं के साथ ही एक ट्रांसपोर्ट पार्क और इंटरनल सर्कुलेशन रोड का निर्माण किया है, जिसका उदघाटन टाटा स्टील कॉर्पोरेट सर्विसेज के वाइस प्रेसीडेंट चाणक्य चौधरी, ह्यूमन रिसोर्स मैनेजमेंट के वाइस प्रेसीडेंट आत्रेयी सान्याल एवं टाटा स्टील यूटिलिटीज एंड इंफ्रास्ट्रक्चर सर्विसेज लिमिटेड के प्रबंध निदेशक तरुण डागा ने किया.
इस विशाल क्षेत्र को ट्रक ड्राइवरों और अन्य हितधारकों के लिए सभी सुरक्षा पहलुओं को ध्यान में रखते हुए विकसित किया गया है. इसमें ट्रक ड्राइवरों और ट्रांसपोर्टरों के लिए एक कैंटीन बिल्डिंग और विश्राम स्थल क्षेत्र भी है. इस परियोजना से बारा कॉम्प्लेक्स क्षेत्र और इसके आसपास भीड़भाड़ को कम करने में मदद मिलेगी. टाटा स्टील ने अत्याधुनिक सुविधा के निर्माण के लिए एक पहल की है, जो ट्रकों और भारी ट्रेलरों के लिए 24×7 पार्किंग क्षेत्र उपलब्ध करायेगी, जहां 250 वाहनों की पार्किंग की सुविधा होगी. ट्रक पार्किंग क्षेत्र में उचित प्रकाश व्यवस्था के लिए पांच हाइ मास्ट टावर भी हैं. मेन गेट से पार्किंग एरिया तक एक नया रीइन्फोर्स्ड सीमेंट कंक्रीट कनेक्टिविटी रोड भी बनाया गया है. इसके अलावा यातायात को सुव्यवस्थित करने और कर्मचारियों और अन्य हितधारकों के लिए सड़क को सुरक्षित बनाने के लिए एक नया मार्ग सर्कुलेशन एरिया बनाया गया है. पूरी सुविधा एक साल के भीतर बनायी गयी है.
ये भी पढ़ें- Jamshedpur : टाटा स्टील ने मनाया एथिक्स माह, एक समावेशी कल के लिए सम्मानजनक कार्यस्थल बनाने की ली शपथ




