
JAMSHEDPUR : त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव को लेकर सरकार की ओर से अधिसूचना जारी किये जाने के बाद से ही पूर्वी सिंहभूम जिला प्रशासन अपनी तैयारी में जुटा है. शनिवार को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर पूर्वी सिंहभूम जिले के एडीएम नंदकिशोर लाल ने विभिन्न बूथों व पंचायतों का निरीक्षण किया. साथ ही वहां की व्यवस्था की जानकारी ली.
चुनाव में क्षेत्र के 7 जिला परिषद के सदस्य को होगा चयन
एडीएम नंदकिशोर लाल को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव के मद्देनजर जमशेदपुर प्रखंड के जिला परिषद के रिटर्निंग अफसर का पदभार सौंपा गया है. पंचायत चुनाव में क्षेत्र के सात जिला परिषद के सदस्य का चयन होना है. रिटर्निंग अफसर ने बताया कि चुनाव से पूर्व सभी बूथों को देखना, वहां की लोकेशन को जानना, वहां की व्यवस्था को समझना जरूरी है. उन्होंने बताया कि क्षेत्र के सभी बूथों पर पानी की व्यवस्था है या नहीं, बिजली की व्यवस्था है कि नहीं, भवन की क्या स्थिति है, सुरक्षा के कैसे उपाय हो सकते हैं, रास्तों की स्थिति कैसी है, वहां के उम्मीदवार कौन-कौन से हैं. सभी जानकारी लेने के लिए वीडियो के साथ क्षेत्र का भ्रमण किया गया.
निरीक्षण में कई स्कूलों के चापाकल मिले खराब
निरीक्षण के दौरान कई स्कूलों में चापाकल खराब होने की जानकारी मिली. साथ ही सोलर सिस्टम खराब होने से मोटर की परेशानी और जर्जर भवन की मरम्मत आदि का निर्देश दिया गया. उन्होंने बताया कि चुनाव के पूर्व सभी बूथों में उत्तम व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी, ताकि किसी प्रकार की कठिनाई चुनाव के वक्त ना हो. उन्होंने बताया जिला प्रशासन का प्रयास है कि पंचायत चुनाव निष्पक्ष और शांतिपूर्ण संपन्न हो. इसकी पूरी व्यवस्था की जा रही है.




