NEWS

जमशेदपुर : पुलिस ने जिसे बोड़ाम बाजार में हथकड़ी पहनाकर घुमाया, भाजपा ने फूलमालाओं से लाद दिया

Patamda : बीते 9 फरवरी को बोड़ाम बाजार में पटमदा डीएसपी सुमित कुमार के नेतृत्व में पुलिस द्वारा डकैती के दो मामलों में शक के आधार पर भाजपा के बोड़ाम मंडल महामंत्री सुखदेव सिंह को रस्सी से बांधने के बाद हथकड़ी पहनाकर घुमाने के खिलाफ भाजपा ने बुधवार को जनाक्रोश रैली  निकाली. जांच के क्रम में निर्दोष बताकर पुलिस द्वारा छोड़ने के बाद सुखदेव सिंह को भाजपा कार्यकर्ताओं ने बुधवार को बोड़ाम हाट बाजार में फूलमालाओं से लाद दिया. उसे पूरे हाट बाजार में घुमाते हुए बोड़ाम थाना तक ले जाया गया और उनके समर्थन में खूब नारेबाजी भी की गयी. इसके बाद पटमदा डीएसपी सुमित कुमार के खिलाफ सुखदेव सिंह ने बोड़ाम थाना प्रभारी शंकर लकड़ा को एससी-एसटी एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज करने हेतु आवेदन दिया.

इस दृश्य के गवाह बने

जमशेदपुर के सांसद विद्युत वरण महतो, भाजपा के किसान मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष राजकुमार सिंह, वरिष्ठ नेता अभय सिंह, जिलाध्यक्ष गुंजन यादव, उपाध्यक्ष प्रदीप कुमार महतो, प्रदेश मंत्री रीता मिश्रा, एससी मोर्चा के प्रदेश उपाध्यक्ष विमल बैठा, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष मुचिराम बाउरी, एसटी मोर्चा जिलाध्यक्ष बिनानंद सिरका, पूर्व जिलाध्यक्ष दिनेश कुमार, राजकुमार श्रीवास्तव, चंद्रशेखर मिश्रा, बबुआ सिंह, अनिल मोदी, अमरजीत सिंह 0राजा, शरत सिंह सरदार, नीलू मछुआ, हलधर नारायण साह, प्रदीप बेसरा, संदीप कुमार मिश्रा, कृपासिंधु महतो, काजू सांडिल, बोड़ाम मंडल अध्यक्ष शांतनु मुखर्जी, पटमदा मंडल अध्यक्ष मंटू चरण दत्त, कमलपुर मंडल अध्यक्ष प्रधान चंद्र महतो, बासुदेव मंडल, लक्ष्मण सिंह सरदार, परेश दत्त, बनमाली बनर्जी, शिवचरण सिंह सरदार, बिरेन महतो, बिरिंची महतो, कृष्णपद सिंह, महाबीर महतो, असित सिंह पातर, सुमंत महांती, सनातन दास समेत हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक व ग्रामीण.

पुलिस का कृत्य निंदनीय  : सांसद

मौके पर सांसद विद्युत वरण महतो ने कहा कि खुद को आदिवासियों की हितैषी और जल, जंगल, जमीन की बात करने वाले राज्य की सरकार में एक गरीब आदिवासी निर्दोष युवक को खुलेआम हथकड़ी पहनाकर बीच बाजार में हजारों लोगों के समक्ष घुमाते हुए उनके मान, सम्मान और स्वाभिमान को ठेस पहुंचाने का जो काम यहां की पुलिस ने किया, इसकी जितनी भी निंदा की जाये कम है. इस सरकार में आदिवासी, महिला, दलित समेत हर वर्ग के लोगों के साथ अन्याय, अत्याचार व शोषण हो रहा है, जिसका भाजपा कार्यकर्ताओं द्वारा विरोध जारी रहेगा. उन्होंने कहा कि इस सरकार में कोई भी सुरक्षित नहीं है. उन्होंने कहा कि इस मामले में मंडल अध्यक्ष शांतनु मुखर्जी ने जैसे ही मुझे जानकारी दी, तो मैंने इस मामले में एसएसपी और डीएसपी से बात की और सोमवार को हमलोगों ने एक प्रतिनिधिमंडल ने जिले के एसएसपी से मिलकर दोषी अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग भी की है. उन्होंने कहा कि एसएसपी ने जांच कराते हुए उचित कार्रवाई का भरोसा दिलाया है.

राजकुमार और अभय ने भरा जोश

राजकुमार सिंह ने कहा कि एक गरीब आदिवासी युवक के खिलाफ बेरहमी से राजनीतिक साजिश के तहत की गयी प्रताड़ना से कार्यकर्ताओं में जो आक्रोश दिख रहा है, इससे मनोबल घटने वाला नहीं है और पीड़ित महामंत्री के साथ पार्टी हमेशा खड़ी रहेगी. अभय सिंह ने जोशीला भाषण देते हुए कहा कि भले ही राजनीतिक षडयंत्र के तहत हमारे गरीब आदिवासी कार्यकर्ता सुखदेव सिंह के खिलाफ पुलिस ने प्रताड़ित करने के साथ हथकड़ी पहनाकर बाजार में घुमाते हुए उनके मान-सम्मान को ठेस पहुंचायी गयी है, लेकिन हमारी लड़ाई किसी पार्टी के विरुद्ध नहीं, बल्कि डीएसपी के खिलाफ है जिन्होंने इस तरह की गलत कार्रवाई की है. उन्होंने कहा कि यह तो ट्रेलर है, पूरी पिक्चर अभी बाकी है. उन्होंने पुराने मामले को याद दिलाते हुए कहा कि आज से करीब 2 दशक पहले इसी पटमदा की धरती पर 200 राइफल के साथ भाजपा के कार्यकर्ताओं ने मैदान में उतरकर झारखंड मुक्ति मोर्चा के आतंक को खत्म किया था. इसलिए भाजपा के कार्यकर्ता न कभी कमजोर थे और न रहेंगे. कार्यक्रम को जिलाध्यक्ष गुंजन यादव, शांतनु मुखर्जी व अन्य नेताओं ने संबोधित किया. दूसरी ओर बोड़ाम में पहली बार आयोजित इस तरह के बड़े कार्यक्रम से राजनीतिक जगत में चर्चा का बाजार गर्म है.

गर्व है कि मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं  : सुखदेव सिंह

भाजपा के बोड़ाम मंडल महामंत्री सुखदेव सिंह ने बुधवार को पार्टी के वरिष्ठ नेता व कार्यकर्ताओं से मिले अपार समर्थन व स्नेह से प्रफुल्लित होकर कहा कि मुझे गर्व है कि मैं भाजपा का कार्यकर्ता हूं. मेरे साथ हुई घटना के बाद जिस तरह से मंडल अध्यक्ष शांतनु मुखर्जी से सहयोग मिला, उससे मैं काफी प्रभावित हूं. आज उनकी ही बदौलत मेरा खोया हुआ सम्मान वापस मिलने जैसा अनुभव हो रहा है. भाजपा जैसे बोलती है, वैसे ही गरीब, दुखी और सभी वर्गों की पार्टी है.

इसे भी पढ़ें – नासकॉम रिपोर्ट : महामारी के दौरान एक दशक में सबसे ज्यादा हुई आइटी कंपनियों की कमाई

Related Articles

Back to top button