
Jamshedpur : ओडिशा के जाजपुर स्थित टाटा स्टील माइनिंग लिमिटेड (टीएसएमएल) की सुकिंदा क्रोमाइट माइंस को इंस्टीट्यूट ऑफ क्वालिटी एंड एनवायरनमेंट मैनेजमेंट सर्विसेज द्वारा आयोजित प्रतिष्ठित ‘कलिंगा पर्यावरण उत्कृष्टता पुरस्कार-2021’ से सम्मानित किया गया है. कंपनी की ओर से यह पुरस्कार टीएसएमएल माइंस के सीनियर जनरल मैनेजर सुशांत कुमार मिश्रा ने मुख्य अतिथि ओडिशा के राज्य प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड के सदस्य सचिव डॉ के मुरुगेसन से प्राप्त किया.
पुरस्कार प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए टीएसएमएल प्रबंध निदेशक पंकज कुमार सतीजा ने कहा कि पर्यावरण संरक्षण टीएसएमएल की कॉरपोरेट रणनीति और मूल्य प्रणाली के केंद्र में है और यह अपने सभी परिचालन निर्णयों में जैव विविधता, सुरक्षा और सामाजिक मुद्दों पर विचार करना जारी रखेगा. उन्होंने कहा कि इसका मानना है कि सस्टेनेबल तरीके और जिम्मेदारी से संचालन करना न केवल एक व्यावसायिक अनिवार्यता है, बल्कि एक दीर्घकालिक प्रतिस्पर्धात्मक लाभ भी. यह पुरस्कार उद्योग जगत के सर्वोत्तम अभ्यासों पर जागरूकता फैलाने का प्रयास करता है, जो उद्योगों को पर्यावरण प्रबंधन में बेहतर प्रदर्शन और नियामक अनुपालन पर निर्णय लेने में सहायता करेगा, जिससे सभी हितधारकों को लाभ होगा.




