
Jamshedpur : जमशेदपुर में जन्मी और सेक्रेड हार्ट कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा रही अभिनेत्री और मॉडल सरोनी रॉय इन दिनों ऑस्ट्रेलिया की एंटरटेनमेंट इंडस्ट्री में एक जानामाना नाम बन चुकी हैं. टाटा स्टील के पूर्व अधिकारी कंचन रॉय की पुत्री सरोनी का जीवन वैसे लोगों के लिए एक उदाहरण है, जो जीवन में आनेवाली चुनौतियों के आगे हार मान लेते हैं. कड़े संघर्ष के बाद कैंसर जैसी बीमारी से लड़ने और उबरने के बाद सरोनी रॉय दुनिया भर में शांति, सद्भाव और अहिंसा का संदेश फैलाने में जुटी हैं. साथ ही वह एक सफल अभिनेत्री और फैशन मॉडल भी हैं.
कई फिल्मों में निभाई है भूमिका
सरोनी ने ऑस्ट्रेलियाई मूवी राइजेन, ग्रीड (2020) और ए ट्रबल टाउन (2019) में सशक्त भूमिकाएं निभायी हैं. इस प्रतिभाशाली अभिनेत्री ने कई अमेरिकी, ऑस्ट्रेलियाई और यूरोपीय परियोजनाओं में काम किया है. सरोनी रॉय हाल ही में ऑस्ट्रेलियाई फैशन उद्योग के सबसे बड़े आयोजन ऑस्ट्रेलियन फैशन वीक-2021 में शामिल हुईं. में कैरिजवर्क्स, सिडनी में आयोजित इस फैशन वीक में सरोनी दक्षिण एशियाई उपस्थिति को बढ़ावा देने के लिए शामिल हुई थीं.
कैंसर से उबरने के लिए किया कड़ा संघर्ष
सरोनी ने जीवन में कई चुनौतियों का सामना किया है. 2013 में अपने करियर के चरम पर उन्होंने अपनी गर्दन पर एक गांठ की तरह सूजन देखी. वह अगले दिन एक ईएनटी सर्जन के पास गयीं जहां उन्हें बताया गया कि यह थायरॉयड ग्रंथि के अंदर एक ट्यूमर प्रतीत होता है. सरोनी कहती हैं – “हां मेरे लिए यह एक बड़ा झटका था. एक विराम था, लेकिन यह मेरे जीवन का सबसे बड़ा मोड़ भी था. लेकिन मैंने अपने जीवन को रोक कर नहीं रखा. मैंने उस समय को अपने मनसिक, आध्यात्मिक और शारीरिक स्वास्थ्य के विकास के लिए आवश्यक चीज पर ध्यान देने के लिए चुना. मैं अपने जीवन और दुनिया में आमूलचूल परिवर्तन लाना चाहती थी. मैंने कैंसर से उबरने के लिए कड़ा संघर्ष किया”. और अंत में सरोनी की जीत हुई.
शांति और सद्भाव के लिए सक्रिय हैं सरोनी
- अभिनय की दुनिया में पहचान बनाने के साथ साथ, सरोनी को 2018 में मिस इंडिया ऑस्ट्रेलिया कॉरपोरेशन द्वारा सामाजिक क्षेत्र में उनके योगदान के लिए मिस / मिसेज / मिस्टर इंडिया ऑस्ट्रेलिया ब्यूटी पेजेंट में मिस इंडिया ऑस्ट्रेलिया गुडविल एंबेसडर मनोनीत किया गया.
- सरोनी को 2019 में अंतरराष्ट्रीय महिला शांति समूह (IWPG) द्वारा विश्व शांति के लिए उनके निरंतर योगदान के लिए शांति राजदूत की उपाधि से सम्मानित किया गया था.
- सरोनी सिडनी में ‘शांति, सद्भाव और अहिंसा’ के गांधीवादी मूल्यों और यूएन-एसडीजी का प्रसार कर रही हैं.
- सरोनी भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच द्विपक्षीय संबंधों को मजबूत करने के लिए लगातार काम कर रहीं हैं और बहुपक्षीय संबंधों और सामुदायिक एकजुटता के माध्यम से शांति फैला रही हैं.
इसे भी पढ़ें – मोबाइल छिनतई कर भाग रहे बदमाश को लोगों ने खदेड़कर पकड़ा, किया पुलिस के हवाले




