
Jamshedpur : रांची, बोकारो, धनबाद के यात्रियों के लिए एक राहत वाली खबर है. रांची से बाबाधाम देवघर के लिए एक और ट्रेन शुक्रवार से शुरू हो रही है. यह ट्रेन बाबाधाम होते हुए दुमका तक जाएगी. इस ट्रेन की शुरुआत हो जाने से राजधानी रांची से उपराजधानी दुमका को जोड़ने के लिए एक और रेल सेवा मिल गई. हालांकि यह ट्रेन पहले भी रांची से देवघर तक चला करती थी, लेकिन कोरोना काल में इस ट्रेन को बंद किया गया था. रांची-देवघर इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन का दुमका तक विस्तार करने की मांग काफी पहले से की जा रही थी, जिसे रेलवे ने पूरा कर दिया. इस ट्रेन का विधिवत उद्धाटन दुमका से हो गया है. इसको लेकर रेलवे ने अधिसूचना भी जारी कर दी है.
अधिसूचना के मुताबिक गाड़ी संख्या 13319 दुमका-रांची इंटरसिटी दुमका से भोर 3.30 बजे खुलेगी. बासुकीनाथ, घोरमारा, देवघर, जसीडीह, मधुपुर, चितरंजन, धनबाद और गोमो होकर रांची जाएगी. रांची पहुंचने का समय दोपहर 12.50 बजे है. गाड़ी संख्या 13320 रांची-दुमका इंटरसिटी रांची से दोपहर 1.25 बजे खुलेगी. बोकारो, गोमो व धनबाद होकर रात 11.10 बजे दुमका पहुंचाएगी.
इस ट्रेन में 17 कोच होगें, जिसमें एक वातानुकूलित कुर्सीयान, साधारण श्रेणी के 14 कोच और एसएलआरडी के दो कोच लगेंगे. आने-जाने के क्रम में इस ट्रेन का बोकारो स्टील सिटी, चंद्रपुरा, गोमो, धनबाद, कुमारडुबी, चिंत्तरंजन, जामताड़ा, विद्यासागर, मधुपुर, मथुरापुर, शंकरपुर, कुमड़ाबाद, रोहिणी, जसीडीह, देवघर, बासुकीनाथ, घोरमारा, देवघर और दुमका में ठहराव होगा.
दूसरी ओर, चक्रधरपुर रेल मंडल से गुजरने वाली आनंद विहार टर्मिनल भुवनेश्वर साप्ताहिक एक्सप्रेस पांच से 13 मार्च तक रद्द रहेगी. रेलवे के अनुसार प्रयागराज छिवकी के बीच तीसरी लाइन को मेन लाइन से जोड़ने के लिए इंटरलाकिंग का काम इन तिथियों के बीच किया जाएगा. इस वजह से रेलवे ने चक्रधरपुर रेल मंडल से गुजरने वाली ट्रेन संख्या 22806 आनंद विहार टर्मिनल भुवनेश्वर साप्ताहिक एक्सप्रेस सात से 13 मार्च तक तथा ट्रेन संख्या 22805 भुवनेश्वर आनंद विहार टर्मिनल साप्ताहिक एक्सप्रेस को पांच से 12 मार्च तक रद्द कर दिया है. रद्द हुई ट्रेनों के आरक्षण टिकट के पूरे पैसे यात्रियों को रिफंड किए जाएंगे.
ये भी पढ़ें- गिरिडीह में बंद पड़े कोयला खदानों से चोरों की बल्ले-बल्ले, रोजाना सैकड़ों टन की हो रही है चोरी




