
Jamshedpur : जमशेदपुर की उलीडीह पुलिस ने एक अपराधी को पकड़ने के लिए जान की परवाह किए बिना नदी में कूद पड़ी. उलीडीह थाना प्रभारी मेघनाथ मंडल, थाना के दरोगा समेत अन्य कर्मी नदी में कूदे और तैरकर भाग रहे अपराधी को पकड़ा. इस दौरान आस–पास मौजूद लोगों को यह जानकारी नहीं थी कि आखिर यह अपराधी कौन है जिसके पीछे पुलिस इस कदर लगी हुई है. दरअसल, यह अपराधी है नीरज सिंह उर्फ भगना. नीरज सिंह उलीडीह थाना क्षेत्र के संजय पथ में हुए अर्पित कच्छप हत्याकांड में शामिल था. घटना के बाद से ही वह फरार चल रहा था. घटना के समय नीरज डेविड के साथ मौजूद था. घटना के बाद सुनील ने दोनो को शहर से भागने में मदद की थी. पुलिस ने सुनील को गिरफ्तार किया था जबकि डेविड ने कोर्ट में सरेंडर कर दिया था. इधर उलीडीह पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि नीरज सिंह अपने घर आया हुआ है. पुलिस ने तत्काल जाल बिछाया और टीम बनाकर नीरज को पकड़ने पहुंची. इसी बीच नीरज पुलिस को देखकर भागने लगा और भागते हुए नदी में कूद गया. नीरज को पकड़ने थाना प्रभारी समेत अन्य पुलिस कर्मी भी नदी में कूदे और नीरज को गिरफ्तार किया. फिलहाल पुलिस नीरज से थाने में पूछताछ कर रही है.
इसे भी पढ़ें – पबजी खेलने से रोका तो बेटे ने मां की हत्या कर दी, तीन दिन शव के साथ रहा, फिर पिता को फोन कर दी जानकारी




