
Jamshedpur : शहर के गैर कंपनी इलाके के लोगों का बिजली की कटौती से हाल-बेहाल है. हालत यह है कि करीब महीनेभर से लोगों का दिन का चैन और रात की नींद उड़ गयी है. कई इलाकों के लोग जागकर, तो कुछ इलाकों के लोग करवट बदल-बदलकर रात काटने पर मजबूर हैं. इस बीच विभिन्न क्षेत्रों के लोग लगातार विभागीय अधिकारियों से मिलकर बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग उठा रहे हैं. फिर हालत जस की तस बनी हुई है. इससे लोगों के सब्र का बांध टूटता जा रहा है और वे अब बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी भी देने लगे हैं.
इस कड़ी में बागबेड़ा क्षेत्र के एक प्रतिनिधिमंडल ने करनडीह जाकर विभाग के कार्यपालक अभियंता से मुलाकात की. उन्होंने क्षेत्र की बिजली की कटौती की समस्या से उन्हें अवगत कराते हुए एक मांग पत्र सौंपा. प्रतिनिधिमंडल का नेतृत्व समाजसेवी संजय मिश्रा कर रहे थे. इसमें सुबोध झा, संजय मिश्रा, राहुल कुमार, रेणु सिंह, रामकेश्वर ओझा, संतोष ठाकुर, संदीप सिंह, संतोष गुप्ता, विनय पांडेय, आशिष तिवारी, सचिन सिंह, चंदन सिंह समेत कई महिलाएं एवं बस्तीवासी शामिल थे. उन्होंने शीघ्र समस्या के समाधान नहीं होने पर उग्र आंदोलन करने की चेतावनी दी.
पंचायत समिति सदस्य की नियमित बिजली आपूर्ति की मांग
इधर, बागबेड़ा कॉलोनी के नवनिर्वाचित पंचायत समिति सदस्य सुनील गुप्ता ने भी क्षेत्र में नियमित रूप से बिजली आपूर्ति करने की मांग विद्युत विभाग के सहायक विद्युत अभियंता से की है. उन्होंने कहा कि नियमित बिजली आपूर्ति नहीं होने से लोगों को कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा हैं. गर्मी के मौसम में स्कूली बच्चे सहित अभिभावकों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है. इस समस्या से पूरे क्षेत्र के लोग परेशान हैं.
यह मिला आश्वासन
इस मामले में सहायक विद्युत अभियंता ने बताया कि तेनुघाट से बिजली के कम उत्पादन होने की वजह से यह समस्या उत्पन्न हो रही है. उम्मीद है कि दो दिनों बाद समस्या दूर हो जायेगी और क्षेत्र में बिजली आपूर्ति नियमित हो जायेगी.
इन क्षेत्र के लोगों को झेलनी पड़ रही है परेशानी
बता दें कि बिजली की किल्लत से मानगो, दाईगुट्टू, आजादनगर, पारडीह, डिमना रोड, बागबेड़ा, परसुडीह, जुगसलाई, कीताडीह, करनडीह, बिरसानगर, बागुनहातु, भुइयांडीह के अलावा गोविंदपुर और गदड़ा के अलावा पड़ोसी जिले आदित्यपुर के लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है. जाहिर तौर पर लगातार व्यवस्था में सुधार की मांग के बावजूद बिजली आपूर्ति दुरुस्त नहीं होने पर इनकी परेशानियां भी कम होने के बजाय बढ़ती जा रही है.
ये भी पढ़ें- Jamshedpur : एमजीएम अस्पताल में सरकारी दर पर सीटी स्कैन की सुविधा शुरू




