
Jamshedpur : जमशेदपुर पूर्वी के विधायक सरयू राय आगामी 25 सितंबर को अंत्योदय एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर रक्तदान शिविर का आयोजन करेंगे. सरयू राय ने इसकी जानकारी देते हुए कहा कि रक्तदान शिविर में जमशेदपुर के उन सभी नागरिकों को आमंत्रित किया जायेगा, जो रक्तदान के योग्य हैं. विधायक सरयू राय ने रविवार को अर्पण संस्था द्वारा रेड क्रॉस भवन में आयोजित किये गये रक्तदान शिविर के उद्घाटन के अवसर पर यह घोषणा की. उन्होंने कहा कि एक बार रक्त देनेवाला व्यक्ति तीन महीने के बाद फिर से रक्तदान कर सकता है. इसलिए आज अर्पण के रक्तदान शिविर में जो रक्तदाता रक्त दे रहे हैं, वे आगामी 25 सितंबर को पुनः रक्त देने के योग्य हो जायेंगे.
विधायक सरयू राय ने अर्पण संस्था के रक्तदान शिविर की प्रशंसा करते हुए कहा कि पिछले 7 वर्षों से अर्पण संस्था द्वारा लगातार यह कार्यक्रम चलाया जा रहा है, जो प्रशंसनीय है. उन्होंने कहा कि अर्पण संस्था के इस कार्यक्रम से उन्हें भी रक्तदान कार्यक्रम के आयोजन की प्रेरणा मिली. इसके लिए 25 सितंबर को पंडित दीनदयाल का जन्म दिवस अत्यंत उपयुक्त है. श्री राय ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय के जन्म दिवस को हम सभी समर्पण दिवस के रूप में मनायें और उनके विचारों को अपनायें.
इसे भी पढ़ें – गिरिडीह : पचम्बा में पेड़ से लटका मिला कंकालरूपी शव, पुलिस कर रही मामले की जांच




