
Jamshedpur : अपनी मांगों के लेकर सीटू सहित 11 ट्रेड यूनियनों ने 28 व 29 मार्च को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है. इस देशव्यापी हड़ताल में बैंक ट्रेड यूनियन भी शामिल हो रहा है, जिसके कारण मार्च में एक बार फिर से बैंक बंद रहेंगे. यानी कि 28 व 29 मार्च को एक बार फिर से बैंक बंद रहेंगे. ऐसे में आपके जो भी जरूरी काम हैं, समय रहते निपटा लें. यह बंद केंद्र सरकार द्वारा किए जा रहे देश की संपदाओं की बिक्री, मजदूर विरोधी नीति, आंगनबाड़ी, सहिया, रसोइया और अन्य योजना के खिलाफ है. इसके अलावा कर्मियों को न्यूनतम मजदूरी 26 हजार व सामाजिक सुरक्षा देने, पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, निजीकरण पर रोक लगाने सहित अन्य मांगों को लेकर किया जा रहा है.
ट्रेड यूनियनों का कहना है कि मोदी के नेतृत्व वाली भाजपानीत केन्द्र सरकार की नीतियों के चलते देश की हालत बद से बदतर होती जा रही है. मौजूदा समय में रोजगार और आजीविका के अवसरों में भारी गिरावट के कारण बेरोजगारी तेजी से बढ़ रही है. देश की ऐसी हालत को देखते हुए संगठित-असंगठित क्षेत्र के कामगारों ने मिलकर 28 व 29 मार्च को देशव्यापी हड़ताल का आह्वान किया है. यूनियनों का कहना है कि सरकार की नीति ने छात्र समुदाय में निराशा और हताशा की स्थिति पैदा कर दी है.
बड़ी संख्या में छात्र बेरोगार हो गए हैं, केंद्र सरकार कारपोरेट परस्त नव उदारवादी नीतियों के तहत रखो और हटाओ की नीति पर चल रही है, जिसमें रोजगार की सुरक्षा नहीं है. साथ ही यूनियनों का ये भी कहना है कि भाजपा सरकार की नीति पूरी तरह जनविरोधी व राष्ट्र विरोधी है. पुरानी पेंशन योजना को खत्म कर नई पेंशन नीति लाये जाने से सेवानिवृत्त कर्मचारियों की बचत शेयर बाजार में लगाया जा रहा है. यह सरकार अमीरों को टैक्स में भारी छूट देकर देश के मजदूर, किसानों व गरीबों के साथ गद्दारी कर रही है.
ये भी पढ़ें- 2 साल बाद खुला छोटे बच्चों का स्कूल, प्रबंधन ने किया बच्चों का वेलकम




