
Paris : इंटरपोल के अध्यक्ष मेंग होंगवेई के लापता होने की खबर है. मीडिया में आयी खबरों के अनुसार चीन के लोक सुरक्षा के उप मंत्री रह चुके 64 वर्षीय मेंग सितंबर के अंत में चीन के लिए रवाना हुए थे. इसके बाद उनके बारे में कोई जानकारी नहीं मिली है. मेंग पहले चीनी नागरिक हैं जो इंटरपोल की अध्यक्ष नियुक्त किये गये हैं. मेंग चीन में सार्वजनिक सुरक्षा के उपाध्यक्ष समेत कई वरिष्ठ पदों पर काम कर चुके हैं. मेंग को नवंबर 2016 में इंटरपोल का अध्यक्ष बनाया गया था और उनका कार्यकाल 2020 में खत्म होना है. बता दें फ्रांस के एक न्यायिक अधिकारी ने उनके लापता होने की पुष्टि करते हुए कहा कि सरकार द्वारा इस मामले की जांच शुरू कर दी गयी है. इंटरपोल अध्यक्ष मेंग होंगवेई की पत्नी ने शुक्रवार को कहा कि लियोन से जाने के बाद से उनका संपर्क अपने पति से नहीं हो सका है. फ्रांस के लियोन में इंटरपोल का मुख्यालय है.
इसे भी पढ़ें- IRCTC घोटालाः राबड़ी-तेजस्वी को रेगुलर बेल, लालू की याचिका पर 19 नवंबर को सुनवाई
मेंग होंगवेई चीन पहुंचे थे. इसके बाद से मेंग गायब हैं
फ्रांस के अधिकारी के अनुसार मेंग होंगवेई चीन पहुंचे थे. इसके बाद से मेंग गायब हैं. जान लें कि चीन की राजनीति में काफी समय तक सक्रिय रहने के बाद दो साल पूर्व मेंग इंटरपोल के अध्यक्ष बनाये गये थे. फ्रांस सरकार मेंग की पत्नी की शिकायत पर मेंग की तलाश में जुट गयी है. इंटरपोल ने इस संबंध में एक बयान जारी कर कहा कि उसे मेंग के लापता होने की सूचना मिली है. कहा कि यह मामला फ्रांस और चीन की खुफिया प्राधिकारों का है. बता दें कि चीन ने मेंग होंगवेई की नियुक्ति को कथित आर्थिक अपराध की जांच में अंतरराष्ट्रीय मदद पाने का अवसर करार दिया था. मेंग ने पूर्व सुरक्षा प्रमुख झाउ योंगकांग के साथ काम किया था. योंगकांग को भ्रष्टाचार के मामले में उम्रकैद की सजा मिली है.




