
Ranchi: 08 से 11 सितंबर तक एस्ट्रोटर्फ हॉकी स्टेडियम, सिमडेगा में रांची विश्वविद्यालय अंतर्गत सिमडेगा महाविद्यालय , सिमडेगा द्वारा आयोजित अंतर महाविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता 2023महिला और पुरुष का सोमवार को फाइनल मैच खेला गया. इसमें पुरुष वर्ग के फाइनल मैच में बिरसा कॉलेज खूंटी ने कार्तिक उरांव कॉलेज, गुमला को 7=1से पराजित किया. महिला वर्ग का फाइनल मैच एसएस मेमोरियल कॉलेज, रांची ने बिरसा कॉलेज खूंटी को 5=0गोल से पराजित किया.
समापन समारोह के मुख्य अतिथि रांची विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ अजीत कुमार सिन्हा ने अपने सम्बोधन में कहा कि विश्वविद्यालय द्वारा खेल को बढ़ावा देने हेतु हर संभव मदद किया जाएगा. उन्होंने यह भी घोषणा की कि विश्वविद्यालय में पहली बार खेल का दीक्षांत समारोह आयोजित किया जाएगा, जिससे खिलाडियों का मनोबल बढ़ेगा. अंत में उन्होंने फाइनल विजेता और उपविजेता (महिला एवम पुरुष) के खिलाडियों को अपनी शुभकामनाएं दी.
विशिष्ट अतिथि रांची विश्वविद्यालय के छात्र कल्याण संकायाध्यक्ष डॉ सुदेश कुमार साहू ने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से छात्र छात्राओं का शारीरिक मानसिक विकास होता है. इसी से स्वस्थ समाज का निर्माण होगा. सिमडेगा महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ रामकुमार प्रसाद ने अतिथियों का स्वागत करते हुए उनकी गरिमामई उपस्थिति के लिएआभार प्रकट किया.
पुरुष वर्ग में बेस्ट गोलकीपर का पुरस्कार बिरसा कॉलेज,खूंटी के दुर्गा मुंडा को तथा महिला वर्ग में बेस्ट गोलकीपर का पुरूस्कार एस एस मेमोरियल कॉलेज, रांची की प्रमिला कुमारी को मिला.
पुरुष वर्ग में बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट, बिरसा कॉलेज, खूंटी के जोसेफ टोपनो और महिला वर्ग में बेस्ट प्लेयर ऑफ द टूर्नामेंट सिमडेगा कॉलेज की रेशमा सोरेंग को मिला.
पुरुष वर्ग में बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच , बिरसा कॉलेज, खूंटी के सुसारन पूर्ति और महिला वर्ग में बेस्ट प्लेयर ऑफ द मैच एस एस मेमोरियल कॉलेज, रांची की अलबेला रानी को घोषित किया गया.
रांची विश्वविद्यालय में अंतर महाविद्यालय हॉकी प्रतियोगिता पहली बार एस्ट्रोटर्फ हॉकी ग्राउंड में आयोजित की गई और कई वर्षो बाद प्रतियोगिता के मैच लीग आधार पर खेले गए. प्रतियोगिता के आयोजन में
सिमडेगा कॉलेज के प्राचार्य, आयोजन सचिव डा रोशन टेटे, हॉकी सिमडेगा के अध्यक्ष सह हॉकी झारखंड के उपाध्यक्ष मनोज कोनबेगी एवम हॉकी सिमडेगा के तकनीकी सदस्यो तथा सिमडेगा कॉलेज के अध्यापकों ने महत्वपूर्ण योगदान दिया.




