
Ranchi: झारखंड के दुमका जिला स्थित मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के काठीकुंड में सीएमपीसी उदय कुमार की संदिग्ध मौत मामले में सात माह बाद मृतक के परिजनों ने इंसाफ की उम्मीद में मानवाधिकार आयोग से शिकायत की है. इससे पूर्व मामले को लेकर दुमका एसपी, संथाल परगना रेंज के डीआईजी, पुलिस मुख्यालय, सीएम, राज्यपाल सहित अन्य जगहों पर लिखित शिकायत की गयी थी. हालांकि, अभी तक किसी ने शिकायत पर सुध नहीं ली है. इसके बाद परिजनों ने मानवाधिकार आयोग से गुहार लगाई है.
मृतक के परिजनों का आरोप है कि पुलिस हत्या को आत्महत्या बता रही है, जबकि उदय कुमार की हत्या प्रेमिका के परिजनों द्वारा की गयी है. शिकायत में यह भी कहा है कि पुलिस ने दबाव डालकर मामला रफा-दफा तक कराने की कोशिश की. मामले मे दुमका एसपी से बात करने की कोशिश की गयी, लेकिन उनका मोबाइल स्वीच ऑफ बताया गया.
एसपी कार्यालय के बाहर परिजनों ने दिया था धरना
पूर्व में परिजनों ने एसपी कार्यालय के बाहर मृतक उदय के परिजनों ने करीब दो घंटे तक धरना दिया था. धरना के बाद परिजनों ने कहा कि अगर पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर आरोपितों पर कार्रवाई नहीं की तो सभी अनिश्चितकाल के लिए धरना पर बैठ जाएंगे. परिजनों के अनुसार उदय पहले आश्रम स्कूल के प्राचार्य अशोक साह के सोनवाडंगाल के घर के करीब रहता था. इसी बीच उसकी दोस्ती प्रधानाध्यापक की बेटी वंदना से हुई. वंदना लगातार उदय पर शादी का दबाव डालती थी. उसकी हरकत से तंग आकर बेटा नेतुरपहाड़ी में अपना मकान बनाकर रहने लगा. फिर भी वह फोन पर बात किया करती थी. उदय के साथ युवती का रिश्तेदार संतोष कुमार भी आकर सो जाया करता था. बेटी की हरकत से परेशान होकर पिता ने उसकी दूसरी जगह राजीव रंजन नामक युवक से शादी कर दी, लेकिन उसने फोन पर बात करना नहीं छोड़ा. कई बार युवती ने अपने पति के बारे में गलत बात भी कही, इसका उनके पास प्रमाण भी है. इन सब बातों को लेकर वंदना के रिश्तेदारों ने बेटे की गला दबाकर हत्या कर दी और आत्महत्या का रूप देने के लिए शव को पंखा से लटका दिया. सुबह वंदना ने ही बेटी को फोन कर बताया कि उसके भाई ने आत्महत्या कर ली. महाराष्ट्र में रहने वाली वंदना को कैसे पता चला कि बेटे ने आत्महत्या की है. बेटे पवन ने वंदना और उसके पिता अशोक साह पर हत्या का आरोप लगाते हुए थाना में आवेदन दिया. पुलिस ने अगले दिन बेटे को थाना बुलाया और दूसरे से आवेदन लिखकर बेटे पर दबाव देकर हस्ताक्षर करवा लिया. हत्या की बजाय आत्महत्या के लिये प्रेरित करने का मामला दर्ज किया. पुलिस मामले में ना ही वंदना के मोबाइल का सीडीआर निकाला. ना ही घटनास्थल के पास लगे सीसीटीवी का फुटेज. जब थाना जाकर इसकी मांग की तो थानेदार ने डांटकर भगा दिया और धमकी दी कि ज्यादा कूदोगे तो तुमको ही जेल भेज देंगे.




