
Ranchi: झारखंड सरकार ने झारखंड और पड़ोसी राज्य पश्चिम बंगाल के बीच सड़क संपर्क को और बेहतर करने की योजना बनाई है. विधानसभा के जारी बजट सत्र में विधायक पूर्णिमा नीरज सिंह ने पथ निर्माण मंत्री से धनबाद जिला के बलियापुर प्रखंड अन्तर्गत दो राज्यों (झारखंड एवं पश्चिम बंगाल) को जोड़ने वाली सेरसाकुंडी-चेलियामा-करगली के बीच दामोदर नदी पर आवागमन हेतु पुल निर्माण के संबंध में पूछा था. इस पर विभाग ने बताया है कि यह मार्ग पथ निर्माण विभाग के स्वामित्व के अधीन नहीं है. दामोदर नदी पर पुल निर्माण का प्रस्ताव झारखंड और पश्चिम बंगाल राज्य के बीच है. ऐसे में इस पर अंतरराज्यीय पुल होगा. इसमें पश्चिम बंगाल अंतर्गत पहुंच पथ तथा पुरुलिया मुख्य मार्ग से संपर्क पथ के निर्माण और उन्नयन की जरूरत होगी. वर्तमान में पश्चिम बंगाल क्षेत्र में ग्रामीण पथ है. इसके निर्माण के बाद इस परियोजना का लाभ मिल सकेगा. पश्चिम बंगाल के अधीन पड़ने वाले क्षेत्रों और पहुंच पथ, संपर्क पथ के संदर्भ में वहां की सरकार से जानकारी मांगी गयी है. भविष्य की योजना के संबंध में भी पूछा गया है. प्रतिवेदन मिलने पर आगे कार्रवाई की जाएगी.




