
Ranchi: बिरसा कृषि विश्वविद्यालय के कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह की पहल एवं मार्गदर्शन में झारखंड राज्य के स्वतंत्रता सेनानी एवं शहीद नायकों के गावों में तकनीकी हस्तांतरण के माध्यम से किसानोपयोगी कार्यक्रम चलाया जा रहा है. इसकी 5 वीं कड़ी में स्वतंत्रता सेनानी ‘पोटो हो’ के चाईबासा जिले के टोंन्टो प्रखंड स्थित सेरेंगसिया गांव में रविवार को किसान गोष्ठी-सह-लघु कृषि उपकरण वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया गया. कार्यक्रम में बीएयू कुलसचिव एवं अध्यक्ष (पौधा रोग विभाग) डॉ नरेंद्र कुदादा ने सेरेंगसिया गांव के जनजातीय किसानों को चालु खरीफ मौसम में उगाई जाने वाली फसलों की उन्नत खेती तकनीकी तथा फसलों के रोग एवं कीट प्रबंधन के तरीकों को बताया. किसानों को खरीफ फसलों की जैविक खेती तकनीक एवं इसके लाभों की जानकारी दी.
सरल तरीके पोषक तत्वों से भरपूर जैविक खाद का उत्पादन किया जा सकता हैः डॉ सनत
कृषि विज्ञान केंद्र (केवीके), जगरनाथपुर (चाईबासा) के प्रभारी डॉ सनत कुमार सवैंया ने किसानों को प्लास्टिक वर्मी बेड के माध्यम से कम मूल्य में केंचुआ खाद (वर्मी कम्पोस्ट) उत्पादन तकनीक की जानकारी दी. बताया कि प्लास्टिक वर्मी बेड की आयु 10 वर्ष होती है. इस प्लास्टिक नुमा कंटेनर में रसोई के अवशिष्ट, हरे कचरे, गोबर एवं अन्य अवशिष्ट के साथ केंचुआ डालकर कम समय एवं सरल तरीके पोषक तत्वों से भरपूर जैविक खाद का उत्पादन किया जा सकता है.
लघु कृषि उपकरण के उपयोग से श्रम शक्ति की बचत पर जोर
कार्यक्रम प्रभारी एवं बीएयू एटिक प्रबंधक डॉ बन्धनु उरांव ने किसानों को कृषि कार्य के उन्नयन एवं विकास में उपयोगी लघु कृषि उपकरण के उपयोग से श्रम शक्ति की बचत एवं 25-30 प्रतिशत कृषि लागत में कमी की जानकारी दी. उन्होंने किसानों को नवीनतम लघु कृषि उपकरणों के उपयोग से किसानी कार्यो में अधिक लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया.
किसान गोष्ठी में सेरेंगसिया गांव के कुल 100 जनजातीय किसानों ने हिस्सा लिया
किसान गोष्ठी के दौरान सेरेंगसिया गांव के कुल 100 जनजातीय किसानों को 10 प्रकार के विभिन्न लघु कृषि उपकरणों में मेज सेलर, गार्डन वेस्ट बेल्ट, सिंकल प्लास्टिक ग्रीप, गार्डन टूल्स, हैण्ड वीडिंग फोर्क, हैण्ड कल्टीवेटर, हैण्ड हो, हैण्ड वीडर, बैटरी चालित स्प्रे मशीन तथा वर्मी बेड का निःशुल्क वितरण किया गया. सहायक निदेशक प्रशासन ज्ञानसिंह दोराईबुरु एवं पंचायत मुखिया लखन लागुरी ने भी अपने विचारों को रखा. मौके पर ग्राम प्रधान मुंडा लागुरी, महेंद्र लागुरी सहित भारी संख्या में स्थानीय जनजातीय किसान भी मौजूद थे.
उन्नत खेती तकनीक की जानकारी के साथ-साथ खेती-बाड़ी से सबंधित समस्याओं का निदान किया गया
कार्यक्रम प्रभारी डॉ बन्धनु उरांव ने बताया कि कुलपति डॉ ओंकार नाथ सिंह के निर्देश पर प्रसार शिक्षा निदेशालय के सौजन्य से झारखंड के शहीद नायकों के गांवों में किसानोपयोगी प्रसार कार्यक्रमों का आयोजन सफल हो रहा है. पूर्व कार्यक्रमों के अधीन ‘परमवीर शहीद अल्बर्ट एक्का के गुमला जिला स्थित जारी गांव’, ‘स्वतंत्रता सेनानी तेलंगा खड़िया के गुमला जिला स्थित ‘मुरगु’ गांव’, ‘बीएयू संस्थापक एवं पंख राज कार्तिक उरांव के गुमला जिला स्थित पैतृक गांव करौंदा लिटाटोली’ तथा ‘शहीद ग्राम घाघरा बेड़ा, बुंडू, रांची के प्रगतिशील किसान संगठन’ से जुड़े जनजातीय किसानों के लिए किसान गोष्ठी-सह-लघु कृषि उपकरण वितरण कार्यक्रम आयोजन किया गया. इन कार्यक्रमों में कुल 575 जनजातीय किसानों को दस प्रकार के विभिन्न लघु कृषि उपकरणों, बैटरी चालित स्प्रे मशीन तथा वर्मी बेड का निः शुल्क वितरण किया गया. कार्यक्रमों के दौरान किसानों को खरीफ फसलों की उन्नत खेती तकनीक की जानकारी तथा खेती-बाड़ी से सबंधित समस्याओं का निदान किया गया.
इसे भी पढ़ें: विधायक ढुल्लू महतो ने याचिका ली वापस, HC ने निचली अदालत में निर्दोष होने से संबंधित बिंदुओं को उठाने की दी छूट




