
Palamu : पलामू जिले के पिपरा प्रखंड क्षेत्र के पारा शिक्षकों का एनसी क्लीयर होने के बावजूद दस माह से मानदेय का भुगतान नहीं हो पाया है. मानदेय नहीं मिलने से आक्रोशित पारा शिक्षकों ने शनिवार को पिपरा प्रखण्ड के बीआरसी भवन में ताला जड़ दिया. पारा शिक्षकों का नेतृत्व एकीकृत संघर्ष मोर्चा के जिला उपाध्यक्ष उदय राम कर रहे थे.
बीआरसी मे ताला जड़ते हुए शिक्षक राम ने कहा कि झारखण्ड में पारा शिक्षकों सहित अन्य को समय पर मानदेय नहीं मिलना बड़ी समस्या रही है. पिपरा बीआरसी में अकाउन्ट अपटुडेट कराने के बाद सारे डॉक्यूमेंट जमा करा दिया गया है. बावजूद बीईओ एवं एकाउंटेन्ट द्वारा मानदेय भुगतान नहीं किया जा रहा है. ऐसे में सभी पदाधिकारियों को सूचना देकर पिपरा बीआरसी में ताला बन्द किया गया.
इसे भी पढ़ें : #NewTrafficRule पर खुल कर बोल रहे हैं- पढ़ें लोग क्या कह रहे हैं (हर घंटे जानें नये लोगों के विचार)
उग्र आंदोलन किया जायेगा
बीआरसी द्वारा जब तक मानदेय भुगतान नहीं होगा, तब तक ताला बंद रखने का निर्णय लिया गया है. इसके बाद भी मानदेय नहीं मिला तो बाध्य होकर उग्र आंदोलन किया जायेगा. पिपरा बीआरसी मुख्यालय के समक्ष आत्मदाह एवं बीआरसी कार्यालय को आग के हवाले करेंगे.
इसे भी पढ़ें : #NewTrafficRule : ड्राइविंग लाइसेंस के डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन व स्क्रूटनी के लिए घंटों लाइन में लगना पड़ रहा है
छले जा रहे पारा शिक्षक
संघ के पिपरा प्रखण्ड सचिव अविनाश रंजन ने कहा कि मानदेय त्रुटि के संबंध में शिक्षा प्रसार पदाधिकारी को बार-बार आवेदन दिया जा रहा है, लेकिन हमें सिर्फ आश्वासन दिया जा रहा है कि डाटा जिला को और जिला डाटा राज्य को भेज चुका है. लेकिन मानदेय का भुगतान नहीं हो पा रहा है. सारे पारा शिक्षक लगातार छले जा रहे हैं.
मौके पर निर्मल कुमार, एमडीएम विजेंद्र कुमार पटेल, आदेशपाल उदय कुमार, जेई प्रशिल रमन, सीआरपी रामलाल साव, बीआरपी कुमार निगम, मनोज कुमार, शिक्षक मीडिया प्रभारी लालदेव राम एवं कृष्ण कुमार सिंह के साथ दर्जनों पारा शिक्षक मौजूद थे.




