
New Delhi: पुलवामा के आतंकी हमले के बाद भारत पाकिस्तान को हर तरफ से घेरने की कोशिश में लगा हुआ है. एक तरफ जहां कूटनीतिक प्रयास किये जा रहे हैं वहीं सेना पूरी मुस्तैदी के साथ डटी हुई है. अब खबर आ रही है कि भारत सरकार ने अब तक पाक को दिए जा रहे ब्यास, रावी और सतलुज नदी के पानी को रोकने का फैसला किया है. सरकार की ओर से केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा कि इन तीनों नदियों पर बने प्रॉजेक्ट्स की मदद से पाक को दिए जा रहे पानी को अब पंजाब और जम्मू-कश्मीर की नदियों में प्रवाहित किया जायेगा.
सरप्लस पानी को अन्य नदियों में प्रवाहित किया जायेगा
केंद्रीय मंत्री गडकरी ने कहा कि इसके लिए जम्मू-कश्मीर के शाहपुर-कांडी में रावी नदी पर एक प्रोजेक्ट के निर्माण कार्य की शुरुआत हो चुकी है. इसके अलावा उझ प्रोजेक्ट की मदद से जम्मू-कश्मीर में रावी नदी का पानी स्टोर किया जाएगा और इस डैम का सरप्लस पानी अन्य बेसिन राज्यों में प्रवाहित किया जाएगा.
इस ऐलान से पहले बागपत के एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने कहा था कि बंटवारे के बाद भारत और पाकिस्तान को तीन-तीन नदियों के पानी के इस्तेमाल की अनुमति मिली थी. इस समझौते के बावजूद भारत के कोटे में आयी तीन नदियों का पानी अब तक पाकिस्तान में प्रवाहित हो रहा था. अब हमने इन तीनों नदियों पर प्रॉजेक्ट्स का निर्माण कराया है, जिनकी मदद से अब इन नदियों का पानी पंजाब और जम्मू-कश्मीर के लोगों के लिए इस्तेमाल किया जाएगा. एक बार जब यह काम शुरू हो जाएगा तो इससे यमुना नदी के जलस्तर में वृद्धि भी हो सकेगी.
इसे भी पढ़ें – NSC की बैठक में इमरान ने बैन किया हाफिद सईद का संगठन



