
Ranchi : कांटाटोली फ्लाईओवर का निर्माण समय पर पूरा करा कर आम जनता को राहत पहुंचाने की पूरी कोशिश सरकार द्वारा की जा रही है. जिससे यातायात सुगम हो और आम जनता को जाम की समस्या नहीं झेलनी पड़े. लेकिन इसके विपरीत पूर्व के एचपीसीएल पेट्रोल पंप के आसपास विरोध का सामना करना पड़ रहा. जूडको के अधिकारियों का कहना है कि यहां तक कि जान से मारने और एसटीएससी केस करने की धमकी तक दी जा रही है. ऐसी परिस्थिति में अब जिला प्रशासन और पुलिस बल की पर्याप्त प्रतिस्थापना पर ही काम कराया जायेगा.
इससे पहले गुरुवार सुबह नगर प्रशासन की सहायता से पेट्रोल पंप और उससे सटे आवासीय परिसर स्थित संरचनाओं को हटाने एवं अधिग्रहित भूमि पर स्थित वृक्षों को काटने के लिए जुडको एवं नगर निगम की इनफोर्समेंट टीम संयुक्त रूप से स्थल पर पहुंची, परन्तु कुछ लोगों द्वारा जुडको एवं नगर निगम इनफोर्समेंट के पदाधिकारियों के साथ अभद्र व्यवहार किया गया. जान से मारने तथा झूठा केस दर्ज कराने की धमकी दी गयी. संरचनाओं को हटाने गया दल विरोध के कारण वापस चला गया.
कांटाटोली फ्लाईओवर कार्यक्षेत्र स्थित कुछ लोगों द्वारा वर्ष 2018 से ही अर्जित भू-खण्ड पर कार्य करने में निरंतर बाधा पहुंचायी जा रही है जिससे निर्माण कार्य प्रभावित हो रहा है. इस संबंध में विगत पांच वर्षों से कई बार जुडको, नगर प्रशासन एवं जिला प्रशासन के पदाधिकारियों द्वारा सरकारी कार्य में बाधा नहीं उत्पन्न करने का आग्रह किया जाता रहा है.
जुडको द्वारा कुछ लोगों के इस गैरसंवैधानिक रवैये के मद्देनजर संबंधित भू-खण्डों में कराये जानेवाले निर्माण कार्यें को पर्याप्त सुरक्षा बल की देखरेख में ही कराने की योजना तैयार की जा रही है, ताकि विधि व्यवस्था बनी रहे. इसके लिए जिला प्रशासन से कुछ लंबी अवधि के लिए उस भू-खण्ड पर कार्य कराने के लिए बल एवं दण्डाधिकारी की प्रतिनियिुक्त का अनुरोध किया गया है.
इसे भी पढ़ें – डॉ नीलू सिंह की दो पुस्तकों का राज्यपाल सीपी राधाकृष्णन ने किया विमोचन



