
Nagpur: भारत और ऑस्ट्रेलिया की दूसरी भिड़ंत में एक बार फिर भारत की टीम भारी पड़ी. बेहद रोमांचक मैच में टीम इंडिया ने ऑस्ट्रेलिया को 8 रन से हरा दिया. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 250 रन बनाये. इसके जवाब में ऑस्ट्रेलियाई टीम 242 रन ही बना सकी. उसे आखिरी ओवर में जीत के लिए 11 रन बनाने थे, लेकिन विजय शंकर ने दो विकेट लेकर मैच भारत की झोली में डाल दिया. इस जीत के साथ भारत ने सीरीज में 2-0 की बढ़त बना ली है. अगला मैच रांची के जेएससीए स्टेडियम में खेला जायेगा. टीम इंडिया की वनडे में यह 500वीं जीत है. वह 500 मैच जीतनेवाला दूसरा देश बन गया. इससे पहले ऑस्ट्रेलिया ने 500 मुकाबले जीते हैं. भारत ने पहले बल्लेबाजी करते हुए 250 रन बनाए. इससे पहले कप्तान विराट कोहली (116) ने शतक जड़ कर भारत के स्कोर को सम्मानजनक बना दिया. उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया.
इसे भी पढ़ें – घर में घुस कर लड़की की गर्दन पर धारदार हथियार से हमला, अस्पताल ले जाने के क्रम में हुई मौत
भारत ने 250 रन बनाये
251 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी मेहमान ऑस्ट्रेलियाई टीम के लिए मारकस स्टॉयनिस ने सर्वाधिक 52 रन बनाए. उन्होंने 65 गेंदों की अपनी पारी में 4 चौके और 1 छक्का लगाया. उनके अलावा पीटर हैंड्सकॉम्ब ने 48 रन का योगदान दिया. वहीं, उस्मान ख्वाजा ने 38 और कप्तान आरोन फिंच ने 37 रन बनाए. इससे पहले भारतीय कप्तान विराट कोहली ने 120 गेंदों पर 116 रन की शतकीय पारी में 10 चौके लगाए. उनके अलावा विजय शंकर ने 46 रन का योगदान दिया. ऑस्ट्रेलिया के लिए पैट कमिंस ने सर्वाधिक 4 विकेट लिए. एडम जम्पा ने 2 विकेट लिए जबकि कूल्टर नाइल, ग्लेन मैक्सवेल और नाथन लॉयन को 1-1 विकेट मिला.
इसे भी पढ़ें – वेकेंसी निकलती है कम, ऐसे में 13 प्वॉइंट रोस्टर लागू होना उचित नहीं : डॉ सहदेव
विराट का 40वां शतक
विराट कोहली ने वनडे करियर का 40वां शतक लगाया. यह नागपुर में उनकी दूसरी सेंचुरी रही. उन्होंने इससे पहले ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ ही अक्टूबर 2013 में इस मैदान पर 115 रन की नाबाद शतकीय पारी खेली थी. वह दिग्गज सचिन तेंडुलकर (49 वनडे शतक) के बाद वनडे में सबसे ज्यादा शतक लगाने वाले क्रिकेटर हैं. ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ विराट ने 7वां शतक लगाया. विराट 116 के निजी स्कोर पर पैट कमिंस का शिकार बने.
भारत की खराब शुरुआत
भारतीय टीम की शुरुआत खराब रही और उसे पहला झटका पारी के पहले ही ओवर में लग गया. रोहित शर्मा (0) ओवर की अंतिम गेंद पर पैट कमिंस का शिकार बने और उन्हें एडम जम्पा ने लपका. इसके बाद टीम के 38 के स्कोर पर शिखर धवन (21) को मैक्सवेल ने पविलियन भेज दिया. धवन ने 29 गेंदों पर 4 चौके लगाए. भारत का तीसरा विकेट अंबाती रायुडू (18) के रूप में गिरा. इसके बाद विराट ने विजय शंकर के साथ पारी को संभाला और टीम को 150 के पार पहुंचाया. विजय शंकर 46 के निजी स्कोर पर रन आउट हो गए. उन्होंने 41 गेंदों पर 5 चौके और 1 छक्का लगाया.
इसे भी पढे़ं- डीवीसी कोलकाता में सप्लाई मजदूरों के वेतन पे-रिवीजन पर हुआ हस्ताक्षर



