
Palamu: प्रमंडलीय मुख्यालय डालटनगंज से यात्री बस सेवाएं बंद करने का निर्णय फिलहाल वापस ले लिया गया है. बुधवार की सुबह से किसी यात्री बस को नहीं चलाने का निर्णय लिया गया था, लेकिन मंगलवार की शाम जिला परिवहन पदाधिकारी मो अनवर हुसैन, एमवीआई एवं बस ऑनर एसोसिएशन की डीटीओ कार्यालय में हुई बैठक के बाद हड़ताल वापस लेने का निर्णय लिया गया. बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी ने गंभीरता पूर्वक बस ऑनर एसोसिएशन की मांगों को पूरा करने का आश्वासन दिया.
बता दें कि मंगलवार पूर्वाहन में पलामू जिला ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन ने अपनी मांगों के निराकरण तक अनिश्चितकालीन बस परिवहन नहीं करने का निर्णय था. एसोसिएशन के अध्यक्ष रूद्र प्रताप सिंह ने कहा था कि प्रशासन के अड़ियल रवैये के कारण उन्हें ऐसा निर्णय लेना पड़ रहा था, लेकिन शाम होते ही बैठक के बाद इसमें बदलाव आया. बसों चलाने, नहीं चलाने को लेकर पूरे दिन माहौल गर्म रहा.
प्रशासन को 5 सितम्बर को ही कराया गया था अवगत
ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष ने कहा कि 5 सितंबर को ही प्रशासन को ऐसे हालत होने से अवगत कराया गया था। उन्होंने कहा कि डालटनगंज बस पड़ाव से तकरीबन 165 यात्री बस लोगांे को सेवा दे रही है. इस हड़ताल से सभी रूट प्रभावित हो जाते. खासकर रांची जाने वालों की संख्या ज्यादा होती है. ट्रांसपोर्ट एसोसिएशन के अध्यक्ष ने एसोसिएशन के अन्य सदस्यों के समक्ष दावा किया कि सैकड़ों वाहनों की सूची परिवहन विभाग को उपलब्ध कराई गई है. इनमें से कई वाहन प्रेस लिखकर चल रहे हैं. सवारी गाड़ी का स्वरूप बदल दिया गया है.
एसोसिएशन ने कहा कि उनकी प्रमुख मांग है कि टेम्पो को 16 किलोमीटर चलने की ही इजाजत है. अभी टेम्पो गढ़वा, लातेहार, रांची, औरंगाबाद जा रहा है, जो सोचनीय है. दुर्घटनाएं भी ज्यादा हो रही हैं. एसोसिएशन ने कहा कि उनकी मांगों पर अगले कुछ दिनों तक निर्णय नहीं लिया जाता है तो हड़ताल पर जाने को बाध्य होंगे.




