
Palamu/Garhwa : पलामू प्रमंडल के गढ़वा जिले में तीन दिन पहले फूल कारोबारी पर गोली चलने के मामले का पुलिस ने उद्भेदन कर लिया है.
इस सिलसिले में एक नाबालिग सहित तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है. उनके पास से हथियार, गोलियां व अन्य सामान बरामद किये गये हैं. मुख्य आरोपी सहित तीन फरार हैं. पुलिस उनकी तलाश है.
गढ़वा के पुलिस अधीक्षक अश्विनी कुमार सिन्हा ने बताया कि अपनी बेटी के साथ छेड़खानी का विरोध करने पर फूल कारोबारी धीरज मालाकार उर्फ मंटू मालाकार पर गोली चलायी गयी थी.
घटना के बाद एसआइटी ने कार्रवाई करते हुए इस कांड के तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से पिस्तौल, गोली और अन्य सामान बरामद किये गये हैं.
इसे भी पढ़ें : #Palamu: विधायक आलोक चौरसिया की उम्र के मामले को सुप्रीम कोर्ट ले गये केएन त्रिपाठी
तीन दिन पहले चली थी गोली
बता दें कि तीन दिन पहले जिला मुख्यालय में फूल व्यवसायी धीरज मालाकार उर्फ मंटू मलाकर पर हमला कर उनकी हत्या करने का प्रयास किया गया था.
दुकान से घर लौटने के क्रम में दानरो नदी के समीप पीपा पुल पर घात लगाकर उन पर तीन गोलियां चलायी गयी थीं जिसमें एक गोली उनकी कान और कंधे को छेदते हुए बाहर निकल गयी थी.
इसे भी पढ़ें : #Jharkhand: सट्टेबाजी का बढ़ता काला बाजार, कहीं हत्या तो कहीं आत्महत्या के शिकार हो रहे युवा
अनुसंधान में ये थे शामिल
एसपी ने इस कांड के अनुसंधान के लिए इंस्पेक्टर सह गढ़वा शहर थाना प्रभारी अशोक कुमार सिंह के नेतृत्व में एसआइटी का गठन किया था.
एसआइटी में सीसीआर इंस्पेक्टर लक्ष्मीकांत, डंडा थाना प्रभारी गोपाल शर्मा, गढ़वा की अवर पुलिस निरीक्षक सीमा कुमारी, पुलिस पदाधिकारी अभिमन्यु सिंह सहित कई पुलिस पदाधिकारियों को शामिल किया गया था.
एसआइटी कर रही थी कार्रवाई
एसआइटी ने इस कांड में कार्रवाई करते हुए टंडवा मोहल्ले के राजेश महतो, आकाश कुमार और एक नाबालिग लड़के को एक पिस्तौल, तीन जिंदा कारतूस, दो मोबाइल, घटना में प्रयुक्त स्कूटी के साथ गिरफ्तार कर लिया है.
इस घटना का मुख्य आरोपी टंडवा का सोनू सोनी के साथ जीतू सिंदुरिया और एक अन्य अपराधकर्मी फरार है.
मंटू ने मामले का विरोध करते हुए जड़ दिया था थप्पड़
एसपी अश्विनी कुमार सिन्हा ने कहा कि टंडवा का सोनू सोनी मंटू मालाकार की बेटी के साथ छेड़छाड़ करता था. मंटू ने कुछ दिन पहले सोनू को ऐसा करने से मना करते हुए दो थप्पड़ मार दिये थे.
इसी के प्रतिशोध में सोनू ने अपने साथियों के साथ मिलकर मंटू मलाकार पर घात लगाकर हमला किया था. जिसमें मंटू घायल हो गया था.
इसे भी पढ़ें : #RMC: कमीशनखोरी के लिए निकाला गया था रोड मार्किंग का टेंडर, शिकायत के बाद हुआ रद्द




