Khas-KhabarNational

#NirbhayaCase: फांसी के और करीब चारों दोषी, सुप्रीम कोर्ट ने पवन गुप्ता की याचिका ठुकरायी

New Delhi: निर्भया के चारों दोषी फांसी के और करीब आ गये हैं. सोमवार को सुप्रीम कोर्ट ने दोषी पवन गुप्ता की उस याचिका को खारिज कर दिया है, जिसमें उसने अपराध के समय नाबालिग होने का दावा किया था.

न्यायालय ने मौत की सजा पाये पवन गुप्ता की यह दलील ठुकराई कि 2012 में अपराध के समय वह नाबालिग था.

इसे भी पढ़ेंः#JPNadda को बीजेपी की कमान, निर्विरोध चुने गये पार्टी अध्यक्ष

पवन गुप्ता की याचिका खारिज

फांसी की सजा सुनाये गये पवन गुप्ता ने उसके नाबालिग होने के दावे को अस्वीकार करने के दिल्ली उच्च न्यायालय के आदेश को शीर्ष अदालत में चुनौती दी थी.

न्यायमूर्ति आर भानुमति की अध्यक्षता वाली पीठ के समक्ष दोषी पवन गुप्ता के वकील ने दावा किया कि दिसंबर, 2012 में इस अपराध के समय पवन नाबालिग था और उच्च न्यायालय ने गलत तरीके से उसकी इस दलील को अस्वीकार कर दिया.

पीठ ने कहा कि अपराध के समय दोषी के नाबालिग होने की दलील निचली अदालत में मुकदमे की सुनवाई के दौरान नहीं दी गयी थी. हालांकि , पवन के वकील ने दलील दी कि इस मामले में सजा पर बहस के दौरान यह मुद्दा उठाया गया था.

पवन गुप्ता ने उच्च न्यायालय के फैसले के खिलाफ शुक्रवार को उच्चतम अदालत में याचिका दायर की थी. इस याचिका में अनुरोध किया गया है कि प्राधिकारियों को एक फरवरी को उसकी मौत की सजा पर अमल नहीं करने का निर्देश दिया जाये.

इसे भी पढ़ेंःबिहार के बहुचर्चित मुजफ्फरपुर शेल्टर होम मामले में मास्टर माइंड ब्रजेश ठाकुर सहित 19 दोषी करार, 28 को सुनायी जायेगी सजा

सुनवाई के दौरान सर्वोच्च अदालत ने कहा कि याचिका और दलीलों में कुछ भी नया नहीं है. सुप्रीम कोर्ट ने माना घटना के वक्त पवन बालिग था.

दोषियों को फांसी मिलने पर होगी संतुष्टि- निर्भया की मां

इधर पवन गुप्ता की एसपीएल खारिज होने पर निर्भया की मां ने कहा कि दोषी फांसी को टालने की कोशिश कर रहे हैं. जब दोषियों को फांसी होगी तब जाकर उन्हें न्याय मिलेगा. उन्हें एक-एक करके फांसी दी जानी चाहिए ताकि वे समझ सकें कि कानून के साथ खिलवाड़ करने का क्या मतलब है.

दिल्ली की एक अदालत ने शुक्रवार को चारों दोषियों (विनय शर्मा, मुकेश कुमार, अक्षय कुमार सिंह और पवन) की मौत की सजा पर एक फरवरी को अमल करने के लिये नये सिरे से आवश्यक वारंट जारी किये थे. 1 फरवरी को सुबह 6 बजे चारों दोषियों को फांसी पर लटकाए जाने की तारीख तय है.

गौरतलब है कि निर्भया के साथ 16-17 दिसंबर, 2012 की रात में दक्षिण दिल्ली में चलती बस में छह व्यक्तियों ने गैंगरेप के बाद उसे बुरी तरह जख्मी हालत में सड़क पर फेंक दिया था. बाद में निर्भया की 29 दिसंबर, 2012 को सिंगापुर के एक अस्पताल में मृत्यु हो गयी थी.

इसे भी पढ़ेंः#Palamu: विधायक आलोक चौरसिया की उम्र के मामले को सुप्रीम कोर्ट ले गये केएन त्रिपाठी   

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button