
Ranchi : बिरसा मुंडा स्मृति पार्क के अंदर बसे प्रेम नगर, ढीबरा और न्यू लोहराकोचा के 175 परिवारों को आवास देने के लिए रांची नगर निगम ने पहल की थी. पहल के तहत झुग्गी-झोपड़ी में रहनेवाले इन लोगों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत फ्लैट बना कर दिया जाना था.
फ्लैट के निर्माण कार्य का शिलान्यास दिसम्बर 2018 को तत्कालीन नगर विकास मंत्री सीपी सिंह ने किया था. करीब एक साल बाद यानी अक्तूबर 2019 को तत्कालीन मुख्यमंत्री रघुवर दास ने इन 175 फ्लैट का फ्लैटों का उद्घाटन भी कर दिया था.
लेकिन यह विडंबना ही रही कि उद्घाटन के एक साल से ज्यादा समय (करीब 13 माह) बीतने को है, लेकिन लाभुकों को आवास नहीं मिल सका है.
इसी कड़ी में 15 माह गुजरने के बाद भी शनिवार को फ्लैटों का आवंटन देने के उद्देश्य से निगम सभागार में कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस दौरान कुल 43 लाभुकों को आवास आवंटन पत्र दिया गया.
इसे भी पढ़ें- किसान आंदोलन में शहीद किसानों को युवा कांग्रेस ने दी श्रद्धांजलि
बता दें कि 175 फ्लैटों में से 72 फ्लैटों का आवंटन जून 2020 में किया गया था. बाकी के बचे 103 में से 43 फ्लैटों का आवंटन गुरुवार को किया गया था. इस प्रकार अब यहां पर कुल 60 फ्लैट खाली बचे हैं. इन बचे हुए 60 फ्लैटों का आवंटन कब होगा.
यह बताने की स्थिति में निगम अभी नहीं है. आवास आवंटन पत्र सौंपने के कार्यक्रम में मेयर आशा लकड़ा, डिप्टी मेयर संजीव विजयवर्गीय, उप नगर आयुक्त कुंवर सिंह पाहन आदि उपस्थित थे.
फ्लैट के इंतजार में बिरसा मुंडा पार्क स्थित झोपड़ी में रह रहे लोगों का कहना है, पिछले एक साल से सुन रहे हैं कि बहुत जल्द हम लोग फ्लैट में शिफ्ट होंगे. कब शिफ्ट होंगे यह पता नहीं है. निगम का चक्कर लगा लगा कर थक गये हैं. प्रधानमंत्री आवास शाखा से भी कोई स्पष्ट जानकारी नहीं दी जाती है.
निगम का इस तरह का रवैया कोई पहली बार नहीं देखने को मिला है. करीब 6 साल पहले मधुकम खादगढ़ा में भी निगम द्वारा 320 फ्लैट का निर्माण कराया गया था. इसमें से 150 से अधिक फ्लैट अब तक खाली है. बन कर तैयार इन फ्लैटों के आवंटन नहीं होने से आधे से अधिक फ्लैटों पर कब्जा हो गया है.
इसे भी पढ़ें- RIMS में लालू प्रसाद से मिले आरजेडी नेता, स्वास्थ्य को लेकर जतायी चिंता




