
Giridih: रामलला की भूमि अयोध्या में भव्य और नव्य राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा के साथ गिरिडीह के बड़ा चौक सियाराम हनुमान मंदिर के प्राण प्रतिष्ठा को लेकर गिरिडीह पूरी तरह से भक्तिमय हो चुका है. शहर के कोने कोने में भगवा ध्वज लहरा रहा रहे हैं. गुरुवार को 1600 महिलाएं और युवतियां अपने सिर पर भगवान राम के आस्था का कलश लिए निकली तो पूरा शहर राममय नजर आया. बड़े बड़े भगवा ध्वज लिए युवा रामधुन और जय श्री राम के जयकारे के साथ बड़ा चौक के जीर्णोद्धार किए गए सियाराम हनुमान मंदिर से निकले. रामभक्ति की धुन में हर कोई मगन दिखा. महिलाओं से लेकर युवा तक उत्साह में दिखे और हर कोई जय श्री राम के जयकारे लगाता चल रहा था.

करीब एक किलोमीटर लंबे कलश यात्रा में 1600 महिलाएं और युवतियां सिर पर कलश लिए निकली तो मौके पर भाजपा नेता दिनेश यादव, मुकेश जालान, शिवपूजन कुमार, विभाकर पांडे, दीपक शर्मा, आलोक केसरी, विवेक गुप्ता विक्की समेत काफी संख्या में शहर के गणमान्य लोग शामिल हुए. इस दौरान सुरक्षा को लेकर खुद नगर थाना प्रभारी राम नारायण चौधरी और महिला थाना प्रभारी मनिता कुमारी भी पुलिस जवानों के साथ कलश यात्रा के साथ चलते हुए नजर आए, जोश और उत्साह के साथ कलश यात्रा बड़ा चौक से निकल कर शहर के चौक से गुजरना शुरू किया, तो रामभक्तों की भीड़ छत से कलश यात्रा में पुष्प वर्षा करते दिखे.

आस्था और श्रद्धा का ये भव्य और नव्य नजारे से गिरिडीह शहर पूरी तरह से रामभक्ति में डूबा दिखा. इस मौके पर चंदन साहू सपत्नीक सिर पर रामायण रख कर चल रहे थे. दो घंटे तक शहर का ट्रैफिक व्यवस्था भी कुछ पल के लिए रुक सा गया. इस दौरान शहर भ्रमण करते हुए कलश यात्रा शहर के नया पुल उसरी नदी पहुंचा, जहा वेदिक मंत्रोच्चार के बीच कलश में जल भरा गया. इसके बाद कलश यात्रा वापस बड़ा चौक सियाराम हनुमान मंदिर पहुंच कर समाप्त हुआ.





