
Jamshedpur : मानगो मेन चौक पर पिस्तौल की नोक पर एक महिला से जेवर छिनतई करने का मामला सामने आया है. भुक्तभोगी शिखा मिश्रा स्थानीय डिमना रोड के निरंजन सिंह कॉम्पलेक्स की रहनेवाली है.
गणेश पूजा का सामान लेन गई थी बाजार
जानकारी के मुताबिक मंगलवार की शाम पांच बजे वह गणेश जी की मूर्ति और प्रसाद लेने मानगो चौक के पास बाजार गई हुई थी. उसी दौरान शालीग्राम मिष्ठान भंडार के पास दो अपराधियों ने महिला को दोनों तरफ से घेरते हुए उसके पेट में पिस्तौल सटा दिया और महिला जेवर और मोबाइल देने को कहा. इससे डरी-सहमी महिला ने अपने हाथ से सोने की चूड़ी, अंगूठी उतारकर अपराधियों को दे दिए. साथ ही मोबाइल और रूपये भी दे दिए, जिसे लेकर अपराधी मौके से भाग निकले. घटना के बाद महज सौ मीटर दूर स्थित अपने फ्लैट में महिला पहुंची. उसने पूरे मामले की जानकारी परिजनों को दी. फिर परिजनों ने मानगो थाना पहुंचकर घटना की सूचना दी. मामले की लिखित शिकायत भी की गई. फिर भी महिला की बातों की थाने में अनदेखी की गई. उसके बाद बुधवार की सुबह परिजनों और स्थानीय लोगों के साथ महिला दोबारा थाना पहुंची. मौके पर भाजपा नेता विकास सिंह भी उपस्थित थे. उन्होंने मामले में जल्द कार्रवाई नहीं होने पर वरीय पुलिस अधीक्षक को पूरे मामले से अवगत कराने की बात कही है. ताकि पीड़ित महिला को न्याय मिल सके.
इसे भी पढ़ें-Chakradharpur : अंकिता की हत्या मानवता पर कलंक : गीता कोड़ा, कहा-सभ्य समाज ऐसे जघन्य अपराध की कोई जगह नहीं




