Dhanbad

धनबाद में जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनी आमजनों की शिकायत, अधिकारियों को दिए निर्देश

Dhanbad: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी संदीप सिंह ने मंगलवार को अपने कार्यालय कक्ष में जनता दरबार का आयोजन कर आमजन की शिकायतों व समस्याओं को सुना. उन्होंने संज्ञान में आए सभी मामलों के आवेदन को संबंधित पदाधिकारी को तत्काल निष्पादन के लिए अग्रसारित किया. जनता दरबार में मुख्यतः शिक्षा, जमीन विवाद संबंधी, ऑनलाइन रसीद, आवास, पेंशन, रोजगार, स्वास्थ्य, राशन कार्ड, मुआवजा, पारिवारिक विवाद, सरकारी योजनाओं में अनियमितता से संबंधित आवेदन आए. उपायुक्त ने आए सभी आवेदनों को चिन्हित कर संबंधित अधिकारियों को हस्तांतरित करते हुए निष्पादन के निर्देश दिए. उन्होंने कहा कि जल्द ही इन समस्याओं का समाधान होगा. इसके लिए अधाकिरियों को निर्देश दिया गया है.
इसे भी पढ़ें: धनबाद: एफसीआई प्रबंधन के खिलाफ गोलबंद हुए सिंदरी निवासी, प्रबंधन ने उजाड़ने के साथ अब बसाने की भी कही बात

जनता दरबार में गोविंदपुर के खरनी ग्राम से आए राम गोराई ने पीएम किसान सम्मान निधि योजना की किस्त के भुगतान के संबंध में उपायुक्त को एक आवेदन सौंपा. उन्होंने बताया कि दिनांक 25 फरवरी 2019 को उन्हें योजना के तहत प्रथम किस्त प्राप्त हुआ. इसके बाद अभी तक किस्त की राशि का भुगतान नहीं किया गया है. उन्होंने उपायुक्त से बाकी सभी किस्तों की राशि भुगतान करने की मांग की. उपायुक्त ने इस मामले को संबंधित पदाधिकारी को अग्रसारित करते हुए जल्द से जल्द निष्पादन के निर्देश दिए.

वहीं कतरास थाना क्षेत्र के अंगारपथरा क्षेत्र से आए शक्ति रविदास ने राशन कार्ड निर्गत करने के संबंध में उपायुक्त को आवेदन सौंपा. उन्होंने बताया कि वह और उनकी पत्नी दोनों ही दिव्यांग है और उनकी एक पुत्री भी है. उन्हें अपने परिवार के जीवन यापन के लिए राशन की आवश्यकता है और वह रोजगार करने में असमर्थ हैं. उन्होंने उपायुक्त से राशन कार्ड निर्गत करने की मांग की. उपायुक्त ने इस मामले को आपूर्ति पदाधिकारी को हस्तांतरित करते हुए जल्द से जल्द राशन कार्ड निर्गत करने को निर्देशित किया.

Related Articles

Back to top button