
Jamshedpur : शहर में बढ़ते आपराधिक वारदातों की रोकथाम को लेकर जमशेदपुर पुलिस ने अब सख्त रुख अख्तियार करने की तैयारी कर ली है. पिछले करीब दस दिनों में बिष्टुपुर में 32 लाख की लूट के अलावा साकची में ज्वेलरी लेकर आ रहे हॉलमार्क के कर्मचारियों को झांसे में लेकर 10 लाख की ठगी के अलावा छिनतई और फायरिंग की कई वारदातें हो चुकी है. इनके उद्भेदन के साथ अपराध और अपराधियों पर नियंत्रण के लिए जिले के एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने बिष्टुपुर थाना परिसर में विभागीय अधिकारियों के साथ बैठक की.
इस मौके पर सिटी एसपी सुभाष चंद्र जाट के अलावा जिले के सभी डीएसपी और थाना प्रभारी मौजूद थे. इस दौरान निर्णय लिया गया कि क्राइम कंट्रोल को लेकर एसएसपी समेत अन्य अधिकारी कमान संभालेंगे. शहर भर में हर दिन सुबह और शाम दो-दो घंटे सघन रूप से एंटी क्राइम अभियान चलाया जाएगा. इस दौरान सभी थानों के प्रभारी शाम ढ़लते ही चौक-चौराहों और विभिन्न जगहों पर अड्डेबाजी करनेवाले संदिग्धों से कड़ाई से निपटेंगे. इसके अलावा टाइगर मोबाइल भी दिन-रात संदिग्ध गतिविधियों में लिप्त पाये जानेवालों से सख्ती से निपटेगा. इसे लेकर एसएसपी डॉ एम तमिल वाणन ने कहा कि जमशेदपुर पुलिस एक रणनीति के तहत नई ऊर्जा के साथ क्राइम कंट्रोल को लेकर प्रभावी ढ़ंग से काम करने को तैयार है. थाना प्रभारियों से लिये गये सुझाव
बैठक के दौरान विभिन्न थानों के प्रभारी के अलावा अन्य अधिकारियों से क्राइम कंट्रोल को लेकर उनके सुझाव भी लिए गए. ताकि यह जाना जा सके कि आखिरकार पुलिस से कहां चूक हो रही है, जिसका फायदा अपराधी उठा रहे हैं. इसके अलावा थाना आनेवाले पीड़ित से पुलिस किस तरह से पूछताछ करे और विभिन्न मामलों के तकनीकी पहलुओं पर भी बैठक में गहन विचार-विमर्श किया गया. साथ ही तय किया गया कि वाहनों में काले शीशे लगाकर सड़क पर घूमनेवालों पर कार्रवाई की जाएगी. इससे भी अपराध नियंत्रण में पुलिस को काफी हद तक मदद मिलने की उम्मीद है.
ये भी पढ़ें-जमशेदपुर : एडिट कर बनाया लड़की का अश्लील फोटो, फिर ब्लैकमेलिंग कर ऐंठ लिये 32 हजार




