
Ranchi : सोमवार को देशभर के साथ-साथ झारखंड में भी विश्व आदिवासी दिवस की धूम है. अबुआ दिशुम, अबुआ राज की परिकल्पना के साथ अलग राज्य बने झारखंड को 20 बरस हो गये. आदिवासी दिवस के मौके पर जनजातीय समाज के उत्थान, चुनौतियों को लेकर चर्चाएं जारी हैं. उनके बीच शिक्षा के स्तर को लेकर गंभीर चिंता भी जतायी गयी है.
ट्राइबल मिनिस्ट्री (केंद्र) की मानें तो झारखंड में 86 लाख से अधिक आदिवासी हैं. इनमें से तकरीबन डेढ़ लाख ग्रेजुएट हैं. मुश्किल से ढाई फीसदी युवा ही ऐसे हैं जिनके पास इंजीनियरिंग डिग्री है. मेडिसीन सेक्टर में तो हालत और भी चुनौतीपूर्ण है. एक फीसदी युवा भी 20 सालों में मेडिकल लाइन में नहीं आ पाये हैं.
पूर्व आइजी औऱ भाजपा के राष्ट्रीय अनुसूचित जनजाति मोर्चा की राष्ट्रीय समिति में विशेष आमंत्रित सदस्य डॉ अरुण उरांव ने इस पर चिंता जतायी है. कहा है कि शिक्षा के स्तर पर अब गंभीर कदम उठाने होंगे. एकाग्रता के साथ सरकार को समाज के साथ मिल कर काम करना होगा.
इसे भी पढे़ं:कल लांच होगा 8750 mAh की दमदार बैटरी के साथ Xiaomi Mi Pad 5, मिलेगा स्नैपड्रैगन 870 प्रोसेसर
टीस देता शिक्षा का स्तर
अरुण उरांव के मुताबिक झारखंड गठन के 20 वर्ष बाद झारखंडियों के सपने और आकांक्षाएं पूरी हुई हैं या नहीं, ये सोचनीय विषय है. शिक्षा और उससे जुड़े रोजगार के मसले पर नाउम्मीदी के अलावा कुछ और हासिल नहीं हुआ है.
राज्य के कितने आदिवासी छात्र सिविल, पुलिस सर्विस, न्यायाधीश, डॉक्टर, इंजीनियर, वकील, चार्टर्ड अकाउंटेंट या अन्य उच्च पद पर आसीन हो पाये, इस पर नजर दौड़ाएं तो तस्वीर बदरंग नजर आती है. व्यवसाय या अन्य क्षेत्रों में भी रोजगार में लगे ट्राइबल युवाओं की संख्या बेहद सीमित है.
यह बार-बार बताया जा रहा है कि राज्य में लिटरेसी रेट 65 फीसदी से ऊपर है. तकरीबन 87 लाख आदिवासी युवा हैं. इनमें से भी 57.1 फीसदी ही पढ़े-लिखे हैं. 50 फीसदी ट्राइबल महिलाओं को अबतक शिक्षित नहीं किया जा सका है.
पहाड़िया, बिरहोर, सवर, वेंगा और कोरवा जैसी जनजाति में 20 सालों में 30 फीसदी तक भी शिक्षा का स्तर नहीं पहुंच सका है. इसका मूल कारण ग्रामीण, दूरस्थ इलाकों में गरीब बच्चों को सरकारी स्कूलों के जरिये उत्तम बुनियादी शिक्षा उपलब्ध नहीं करा पाना है. कई पंचायतों में अगर स्कूल की बिल्डिंग है तो शिक्षक की कमी है.
शिक्षक हैं तो उन्हें पढ़ाई के अलावे अन्य प्रशासनिक कार्यों में लगाया गया है. शिक्षा प्रदान करने के लिए गुणवत्ता के बारे में कोई गंभीरता नहीं दिखायी पड़ती. बस केंद्र द्वारा संचालित किये जा रहे एकलव्य मॉडल स्कूल में ही उम्मीद की किरण नज़र आती है.
इसे भी पढे़ं:Jharkhand : रूपा तिर्की की संदिग्ध मौत मामले में सुनवाई टली, अंतरिम सुनवाई 11 अगस्त को
रात्रि पाठशाला का अनूठा प्रयोग
वास्तव में ऐसे प्रयोगों को आजमाने की जरूरत है जहां स्थानीय परिवेश और चुनौतियों को देखते हुए बच्चों को शैक्षणिक गतिविधियों से जोड़ा जाये.
राज्य के दक्षिण छोटानागपुर क्षेत्रों मंब अखिल भारतीय आदिवासी विकास परिषद द्वारा 53 गांवों में बाबा कार्तिक उरांव रात्रि पाठशाला संचालित किया जा रहा है. यह एक अभिनव एवं सफल प्रयोग है. ऐसे ही और गंभीर ईमानदार प्रयास समय की मांग है.
इसे भी पढे़ं:कोरोना की संभावित तीसरी लहर से लड़ने के लिए लीड्स संस्था ने कसी कमर




