
Lohardaga: लोहरदगा पुलिस को बड़ी कामयाबी मिली है. पुलिस ने सदर थाना क्षेत्र के अलग-अलग घरों में छापेमारी करते हुए भारी मात्रा में विस्फोटक सामानों को बरामद किया है. इस मामले में चार लोगों को भी गिरफ्तार किया गया है. इन चारों के घरों से ही पुलिस ने विस्फोटकों व अन्य सामानों को बरामद किया. पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि आखिर इन तक विस्फोटक कहां से पहुंचे हैं क्योंकि जितनी भारी मात्रा में विस्फोटक बरामद किए गए हैं, वह बेहद गंभीर माना जा रहा है.
इसे भी पढ़ें: सुरक्षा बलों और माओवादियों के बीच मुठभेड़, दर्जनों राउंड हुई फॉयरिंग में कई नक्सली घायल

बताया जा रहा है कि एसपी हरिश बिन जमां को गुप्त सूचना मिली थी कि सदर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में अवैध रूप से विस्फोटक रखे गए हैं. इसके बाद एसपी ने पुलिस की विशेष टीम गठित कर छापेमारी करने का निर्देश दिया. सदर थाना प्रभारी पुलिस निरीक्षक अनिल उरांव के नेतृत्व में गठित विशेष टीम ने सदर थाना क्षेत्र के रामपुर गांव में पुलिस की टीम ने छापेमारी की. इसके बाद गांव के इम्तियाज अंसारी, शमशाद अंसारी, सफीउल्लाह अंसारी और आरिफ अंसारी के घर से 1079 पीस डेटोनेटर, 2294 पीस सेफ्टी फ्यूज, 16.5 किलो अमोनियम नाइट्रेट सहित विस्फोटकों में इस्तेमाल किए जाने वाला 224 पीस पावर जेल सहित अन्य सामान बरामद किया.




