
Palamu: पलामू और गढ़वा के बीच एनएच 39 (पुराना 75) पर लूटपाट की घटनाएं एक बार फिर बढ़ गयी हैं. एक माह के भीतर दूसरी बार एक राहगीर से लूटपाट होने से हाइवे पेट्रोलिंग की सक्रियता पर सवाल उठने लगे हैं. पुलिस की कथित चाक-चैबंद सुरक्षा व्यवस्था को धत्ता बताते हुए शनिवार की शाम डालटनगंज के एक व्यवसायी के तहसीलदार से एक लाख रुपये से भरा बैग, मोबाइल सहित अन्य सामान लूट लिये गये. रविवार को इस सिलसिले में मामला दर्ज कराया गया है.
गढ़वा से डालटनगंज लौटने के दौरान हुई वारदात
शनिवार की शाम 5.30 बजे गढ़वा से पैसों का कलेक्शन कर डालटनगंज लौटने के दौरान अपराधियों ने लूटपाट को अंजाम दिया. विरोध करने पर बदमाशों ने व्यवसायी के कर्मी विकास कुमार ठाकुर के साथ हाथापाई करते हुए पिस्टल के बट से मारकर कई जगह गंभीर चोट पहुंचाई है. घटना होने के बाद कर्मी ठाकुर डरा सहमा हुआ डालटनगंज पहुंचा. साथ ही अपने मालिक आयुषी ट्रेडर्स के प्रोपराइटर आनंद कुमार अग्रवाल को घटना की जानकारी दी. रविवार को मालिक तथा तहसीलदार ने मेराल थाना पहुंचकर घटना की प्राथमिकी दर्ज कराने के लिए लिखित आवेदन दिया.
तीन अपराधियों ने की लूटपाट
भुक्तभोगी के अनुसार हमेशा की तरह वह शनिवार को गढ़वा, मेराल, रमना तथा बंशीधर नगर आदि जगहों पर दुकानदारों से पैसा वसूली कर लौट रहा था. मेराल थाना क्षेत्र की लातदाग घाटी के पास ब्लू रंग के अपाची मोटरसाइकिल सवार तीन बदमाशों ने उनकी मोटरसाइकिल ओवरटेक कर रोकी. सभी अपना चेहरा ढंके हुए थे. पिस्टल दिखाकर मारपीट की तथा लूट की घटना को अंजाम दिया.
एक माह में ये दूसरी घटना
बताते चलें कि एक माह के अंदर यहां दूसरी बार सड़क लुटेरों ने लूटपाट की घटना को अंजाम दिया है. इससे पहले मेराल थाना क्षेत्र के ही पढुआ गांव से कलेक्शन कर लौट रहे एक नन बैंकिंग संस्था के एजेंट से तीन लाख रुपए की लूटपाट की गयी थी. वर्तमान में हाइवे पर पेट्रोलिंग के लिए पुलिस गश्ती चलायी जा रही है. इसके अलावा मेराल थाना पुलिस भी लगातार गश्ती करती रहत है. बावजूद अपराधी बेखौफ होकर लूटपाट की घटना को अंजाम दे रहे हैं.
इसे भी पढ़ेंः उत्तर प्रदेश की सभी 80 सीटों पर चुनाव लड़ेगी कांग्रेसः गुलाम नबी आजाद




