
Ranchi: दुमका जिले के रानेश्वर थाना क्षेत्र में हो रहे बालू के अवैध कारोबार पर लगाम लगाने के लिये परिवहन वाले रास्ते को ब्लॉक कर दिया गया है. दुमका एसपी अंबर लकड़ा के निर्देश पर मुख्यालय डीएसपी विजय कुमार के नेतृत्व में रानेश्वर थाना क्षेत्र में अवैध बालू खनन के परिवहन करने वाले रास्ते को काटकर रास्ता ब्लॉक कर दिया गया है. रानेश्वर थाना क्षेत्र स्थित शादीपुर बालू घाट एवं खेदरा बालू घाट से नदी के किनारे मसानजोर थाना क्षेत्र में निकलने वाले रास्ते को काटकर ब्लॉक कर दिया गया. खेदरा पाथर बगान में बालू घाट के अस्थाई मार्ग को काटकर मार्ग ब्लॉक कर दिया गया है.
इसे भी पढ़ें: बोकारो में ” ऑपरेशन भरोसा ” के तहत 8.25 लाख के गुम हुए 55 मोबाइल बरामद कर पुलिस ने मालिकों को सौंपा
जिला बदर करने का निर्देश
डीएसपी विजय कुमार ने रानेश्वर थाना प्रभारी को अवैध बालू खनन एवं परिवहन में संलिप्त व्यक्तियों की सूची तैयार कर जिला बदर की कार्रवाई करने को कहा है. साथ ही टोंगरा थाना, मसालिया थाना एवं मसानजोर थाना प्रभारियों को नदी के तरफ जाने वाले रास्ते में परिवहन ना हो इसके लिए रास्ते को अवरुद्ध कर सतत निगरानी का भी निर्देश दिया है.




