JharkhandLead NewsRanchi

JSSC सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023:  कदाचारमुक्त परीक्षा के आयोजन को लेकर रांची जिला प्रशासन मुस्तैद

Ranchi : झारखंड कर्मचारी चयन आयोग, रांची द्वारा 21 एवं 22 सितंबर 2024 को सामान्य स्नातक योग्यताधारी संयुक्त प्रतियोगिता परीक्षा-2023 आयोजित की जानी है. रांची जिला के विभिन्न 131 केन्द्रों में तीन पालियों में परीक्षा आयोजित की जायेगी. रांची जिला प्रशासन ने कदाचारमुक्त परीक्षा के लिए कई स्तर पर कदम उठाए हैं. उसके मुताबिक, झारखंड प्रतियोगी परीक्षा भर्ती में अनुचित साधनों के रोकथाम व निवारण के उपाय अधिनियम-2023 के तहत यदि कोई परीक्षार्थी ऑनलाइन या ऑफलाइन स्वयं या किसी दूसरे को नकल करते हुए पकड़े जाते हैं तो उन्हें न्यूनतम 3 वर्ष की कारावास तथा 5 लाख का जुर्माना के साथ दंडित किया जाएगा. साथ ही यदि वह पूर्व में ऐसे कार्य के लिए दंडित हो चुके हैं तो कारावास की अवधि कम से कम 7 वर्ष एवं जुर्माने की राशि 10 लाख से कम नहीं होगी. जिला प्रशासन, सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, रांची द्वारा विभिन्न परीक्षा केन्द्रों, होटल, लॉज, रेलवे स्टेशन, बस स्टैण्ड सहित प्रमुख स्थानों पर माइकिंग कर इसकी जानकारी दी जा रही है.

सभी होटल एवं लॉज मालिकों को भी इस इस संबंध में चेतावनी दी गयी है. उनके परिसर में किसी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि पाई जाती है तो संबंधित होटल अथवा लॉज मालिक की संपूर्ण जिम्मेदारी होगी एवं उनके विरुद्ध नियमसंगत कार्रवाई की जाएगी.

आमजनों से भी अपील

जिला प्रशासन द्वारा स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त वातावरण में परीक्षा के आयोजन को लेकर आमजनों से भी अपील की गयी है. जिलेवासियों से परीक्षा के संबंध में फैलाए गए किसी भी भ्रांति या बहकावे में न आने को कहा गया है. आमलोगों से किसी भी प्रकार की संदिग्ध गतिविधि की सूचना जिला प्रशासन को देने का निवेदन किया गया है.

निषेधाज्ञा जारी, पुलिस-मजिस्ट्रेट की प्रतिनियुक्ति

स्वच्छ एवं कदाचारमुक्त परीक्षा के आयोजन एवं विधि-व्यवस्था संधारण हेतु उपायुक्त-सह-जिला दण्डाधिकारी, रांची एवं वरीय पुलिस अधीक्षक, रांची द्वारा पुलिस बल एवं पुलिस पदाधिकारी के साथ दण्डाधिकारियों की प्रतिनियुक्ति की गयी है. सभी परीक्षा केन्द्रों के 200 मीटर की परिधि में बीएनएसएस की धारा-163 के तहत अनुमण्डल दण्डाधिकारी सदर, रांची द्वारा निषेधाज्ञा भी जारी की गयी है.

Related Articles

Back to top button