
Ranchi: गुरुवार (28 नवम्बर 2024) को झारखण्ड के 14वें मुख्यमंत्री के रूप में हेमंत सोरेन शपथ लेंगे. प्रदेश कांग्रेस मीडिया प्रभारी राकेश सिन्हा ने बताया कि इस सुखद क्षण को यादगार बनाने हेतु कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे एवं लोकसभा में प्रतिपक्ष के नेता राहुल गांधी, कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार, तेलंगाना के उपमुख्यमंत्री मल्लू भट्टी विक्रमार्क भी गुरुवार को रांची आयेंगे. झारखंड कांग्रेस के पूर्व प्रभारी, विधानसभा चुनाव के सीनियर कोर्डिनेटर बीके हरिप्रसाद, छत्तीसगढ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष मोहन मार्कम, राजधानी पहुंच चुके हैं. सिन्हा ने बताया कि झारखंड प्रभारी गुलाम अहमद मीर भी रांची में शपथ ग्रहण समारोह का हिस्सा होंगे. श्री सिन्हा ने कहा कि
महागठबंधन ने हमेशा से सामाजिक एकता को बनाये रखने में अपनी भूमिका अदा की है. इस बाबत हमने पांच वर्षों तक जनता की सेवा की. विकास की कई योजनाओं को धरातल पर उतारा. इनका फलाफल हमें प्राप्त हुआ है और गर्व के क्षण को और गौरवान्वित के लिए महागठबंधन प्रतिबद्ध है. इसी क्रम में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं सहित महागठबंधन के अन्य नेता भी शपथ ग्रहण समारोह में आएंगे.
गौरतलब है कि मंगलवार को हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन ने दिल्ली जाकर पीएम मोदी सहित कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खडगे, सांसद राहुल गांधी, प्रियंका वाड्रा सहित अन्य को शपथ ग्रहण समारोह के लिए आमंत्रित किया था.




