JharkhandLead NewsRanchi

पूरी ईमानदारी से वक़्फ बोर्ड के काम करने पर सऊदी अरब के मुसलमानों से ज्यादा अमीर होते भारतीय मुस्लिम: दुष्यंत गौतम

Ranchi: भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय महामंत्री दुष्यंत गौतम ने वक्फ कानून को देश हित में बताया है. प्रदेश भाजपा कार्यालय में मंगलवार को वक़्फ़ संशोधन अधिनियम 2025 के जन जागरण अभियान कार्यशाला के बाद पत्रकारों से बात करते उन्होंने कहा कि देश में यदि वक़्फ़ पूरी ईमानदारी से काम करता तो सऊदी अरब के मुसलमानों से ज्यादा अमीर भारत के मुस्लिम होते. वक़्फ़ संशोधन बिल भारत के विकास में मील का पत्थर साबित होगा. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने वैसे कानून में संशोधन लाने का प्रयास किया है जो देश के विकास में बाधक था लेकिन राजनीतिक फायदे के लिए कई पार्टियां इन कानूनों को लेकर समाज और देश में भ्रम फैलाने का काम कर रहे हैं. कहा कि धारा 370 और 35 ए, सीएए, तीन तलाक, राम मंदिर और वक़्फ़ संसोधन जैसे मामले पर विपक्ष राजनीतिक रोटी सेकने का काम कर रहा है.

राष्ट्रीय महामंत्री ने कहा कि वक़्फ़ संशोधन अधिनियम 2025 से किसी भी मुस्लिम, मस्जिद, मदरसा आदि को परेशानी नहीं होने वाली है. यह कानून वैसे लोगों पर लगाम लगाने की कोशिश करेगा जो वक़्फ़ की जमीनों पर बड़े मॉल, बिल्डिंग और अपने फायदे के लिए उसका उपयोग कर रहे हैं जबकि वक़्फ़ को दान में मिली जमीन पर स्कूल, कॉलेज, अस्पताल, मदरसा, मस्जिद और वैसे लोग जो गरीबी रेखा से नीचे हैं, उन्हें जमीन आवंटित कर उनका सामाजिक और आर्थिक विकास करना था. लेकिन अभी तक कोई भी काम मुस्लिम समाज के गरीब लोगों को फायदा पहुंचाने के लिए नहीं किया गया. लेकिन अब वक़्फ़ भारत सरकार के अधीन रहेगा और उनके द्वारा किए जा रहे कार्य की समीक्षा भी समय समय पर होगी.

उन्होंने कहा कि अब वक़्फ़ को दान में मिलने वाले जमीन को लेकर 90 दिन का समय निर्धारित किया गया है ताकि दानकर्ता जमीन से जुड़ी सारी जानकारी साझा कर सकें. वहीं दान करने वाले के परिजनों से भी इसकी सहमति ली जाएगी. आज की कार्यशाला में ऐसे कई मुद्दे और प्रश्नों पर चर्चा की गई  जिसको लेकर  समाज में भ्रम फैला रहा है. कहा कि जो भी भ्रम समाज और देश में फैल रहा है, उसे रोकने के लिए भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ता आम जनता तक जाएंगे और उनके सभी प्रश्नों का जवाब देंगे. वक़्फ़ (संसोधन) अधिनियम 2025 जनजागरण अभियान कार्यशाला में अल्पसंख्यक समुदाय के कई गणमान्य व्यक्तियों ने भी भाग लिया. कार्यशाला में मुख्य रूप से भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री के अलावा प्रदेश अध्यक्ष बाबुलाल मरांडी, संगठन महामंत्री कर्मवीर सिंह, राज्यसभा सांसद दीपक प्रकाश, पूर्व नेता प्रतिपक्ष अमर कुमार बाउरी भी उपस्थित रहे. वहीं हजारीबाग सांसद मनीष जायसवाल, पूर्व विधायक नीलकंठ सिंह मुंडा, पूर्व विधायक सह भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष किशुन दास सहित अन्य भी उपस्थित दिखे.

Related Articles

Back to top button