
Ranchi : मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने newswing की खबर पर एक बार फिर संज्ञान लिया है. उन्होंने गढ़वा के डीसी को निर्देश दिया है कि दो दिव्यांग भाइयों और उनके परिवार को तत्काल सभी सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचायें. सीएम ने गढ़वा के डीसी को ताकीद की है कि इस परिवार को सहायता पहुंचाने के साथ तत्काल वे इसकी जानकारी भी उपलब्ध करायें. चलने-फिरने, उठने-बैठने तक में असमर्थ गढ़वा के धुरकी प्रखंड अंतर्गत बरसोती गांव के दो दिव्यांग बच्चों के नाम अंत्योदय कार्ड में जुड़वाने के लिए उनके परिवार को 60 किलोमीटर दूर गढ़वा लाना पड़ा था.
पढ़ें क्या खबर थी
चलने-फिरने में असमर्थ दो भाइयों को दिव्यांगता का सबूत देने आना पड़ा 60 किलोमीटर दूर
कोई नहीं सुन रहा था व्यथा
न्यूजविंग ने बुधवार को इन दिव्यांग भाइयों और उनके परिवार की व्यथा पर खबर और वीडियो रिपोर्ट प्रकाशित-प्रसारित की थी. सीएम ने इसी रिपोर्ट पर संज्ञान लिया है. इस परिवार का नाम अंत्योदय कार्ड में नहीं जोड़ा जा रहा था. प्रखंड कार्यालय का चक्कर लगाने के बाद भी कोई उनकी व्यथा सुन नहीं रहा था.
गढ़वा जिला मुख्यालय आया था लाचार परिवार
इस परिवार ने मुखिया से लेकर प्रखंड कार्यालय के कर्मियों तक से बार-बार गुहार लगायी, पर उन्हें मायूस होकर लौटना पड़ा. इस परिवार को कहा गया था कि दिव्यांग बच्चों को लेकर गढ़वा मुख्यालय जाना होगा, तभी उनका नाम अंत्योदय कार्ड में जुड़ पायेगा. वहां अफसर बच्चों को देखेंगे तो उनके नाम कार्ड में जोड़ दिये जायेंगे. आखिरकार लाचार परिवार के लोग दोनों बच्चों को किसी तरह कंधे पर लेकर गढ़वा जिला मुख्यालय पहुंचे थे. ये बच्चे डीसी ऑफिस के बाहर जमीन पर घंटों सोये रहे और फिर वहां से निराश होकर घर लौट गये. अब सीएम हेमंत सोरेन ने संज्ञान लिया है तो उम्मीद जगी है कि इस लाचार परिवार को सरकारी योजनाओं को लाभ मिल पायेगा.
इसे भी पढ़ेंः रांची और खूंटी में पुलिस-नक्सली मुठभेड़ की सीआईडी करेगी जांच




