
Dhanbad : नाले के लिए गड्ढे खोदने के दौरान बड़ा हादसा हुआ है. इस दौरान धनबाद नगर निगम की घोर लापरवाही सामने आई है. जेसीबी मशीन से नाले के लिए गड्ढा खोदा जा रहा था. इस दौरान सुरक्षा मानकों का पालन न करने की वजह से 5 मकान क्षतिग्रस्त हो गए, जिनमें से एक तो पूरी तरह से तबाह हो गया. इस हादसे में कई लोगों को मामूली चोटें आई हैं. वहीं, बच्चे बाल-बाल बच गए.
इसे भी पढ़ें : Jharkhand Corona Update: 24 घंटे में रांची में मात्र एक संक्रमित मिला, राज्य में सक्रिय मरीजों की संख्या 50 के करीब
जानकारी के अनुसार, हीरापुर के विनोद नगर स्थित सेंट्रल स्कूल रोड में नगर निगम नाला बनाने के लिए गड्ढा खोद रहा था. इस दौरान वहां के 5 घरों को नुकसान हुआ है, जिसमें एक घर पूरी तरह से गिर गया. इसमें रह रहे परिवार के सदस्यों को हल्की चोटें आई हैं. बच्चे इस घटना में बाल-बाल बच गए. परिवार के सदस्यों ने बताया कि वे घर के अंदर बच्चों के साथ सो रहे थे. दिन के तकरीबन 4:00 बजे अचानक से जोर का आवाज हुआ और घर का एक हिस्सा गिर गया. सभी लोग घर से बाहर भाग निकल आए, तभी घर पूरी तरह से जमींदोज हो गया. स्थानीय लोगों के सहयोग से घर के अंदर के सामान को बाहर निकाला जा सका. इस घटना के कारण पड़ोसी भी डर गए हैं. लोगों को डर है कि उनके घर भी अचानक से गिर न जाएं.

इसे भी पढ़ें : Pitru Paksha 2021 : आज से पितृ पक्ष शुरू, पितरों के तर्पण से मिलेगी समृद्धि
स्थानीय लोग नगर निगम के ठेकेदार को इसके लिए दोषी मान रहे हैं. बताया जाता है कि नाले के लिए जेसीबी से गड्ढा खोदा जा रहा था. इस दौरान सुरक्षा मानकों का खयाल न रखने के कारण मकानों को नुकसान हुआ. हालांकि, उन्होंने आश्वासन दिया है कि पहले टूटे हुए मकान का और बाउंड्री परिसर का मरम्मत कराया जाएगा. इसके बाद नाले का निर्माण किया जाएगा. जमींदोज मकान हीरापुर निवासी शंकर महतो का है. उस मकान में लाटो लाल श्रीवास्तव का परिवार किराये पर रह रहा था. घर के क्षतिग्रस्त को जाने के कारण अब परिवार वालों को खुले आसमान के नीचे रहना पड़ेगा. बच्चों के साथ आंगन में बैठे परिवार के सदस्यों ने बताया की अब कोई उपाय फिलहाल नहीं है.




