BiharCorona_Updates

बिहार पहुंचने के कुछ घंटे बाद ही प्रवासी मजदूर ने कोरोना से तोड़ा दम, अब तक 11 की मौत, 188 नये केस

Patna: दिल्ली से बिहार पहुंचने के कुछ घंटे बाद ही एक प्रवासी श्रमिक की मौत हो गयी. राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने इस मौत को कोरोना वायरस से हुई मौत का मामला बताया है. 

राज्य में अब तक कुल 11 लोगों की मौत इस खतरनाक वायरस से हुई है. वैशाली और खगड़िया में दो-दो तथा मुंगेर, सीतामढ़ी, पूर्वी चम्पारण, बेगूसराय और रोहतास में एक-एक व्यक्ति की मौत हुई.

कोरोना के 118 नये केस

राज्य के स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि संक्रमण के 118 नये मामले सामने आये हैं जिससे संक्रमितों की संख्या बढ़कर 2,105 हो गयी है. स्वास्थ्य विभाग के एक वरिष्ठ अधिकारी के अनुसार मृतक खगड़िया जिले का था और वह मंगलवार को एक विशेष ट्रेन से आया था.

श्रमिक को तेज बुखार था और पहुंचने के कुछ घंटे के भीतर ही उसकी मौत हो गयी. इसके बाद उसका नमूना लिया गया और जांच के लिए भेजा गया. रिपोर्ट में व्यक्ति के कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई है.

अधिकारी ने बताया कि हमारे रिकॉर्ड में व्यक्ति राज्य में कोरोना का 11वां शिकार बना है और यह खगड़िया जिले में दूसरी मौत है. मालूम हो कि इसी जिले के 55 वर्षीय एक व्यक्ति की 15 मई को मौत हो गयी थी. वह मुंबई से लौटा था. मौत के बाद उनके नमूने लिए गये थे, जिनमें कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई थी.

एक सप्ताह के भीतर राज्य में दोगुने हुए मामले

राज्य में एक सप्ताह के भीतर कोरोना वायरस के मामले दोगुने हो गए हैं। उत्तरी बिहार के मधुबनी मे कोरोना वायरस संक्रमण के 34 नये मामले सामने आने के बाद यहां कुल संक्रमितों की संख्या 115 तक पहुंच गयी है.

स्वास्थ्य विभाग ने बताया कि नए आंकड़ों के अनुसार नौ साल के एक बच्चे के अलावा सभी संक्रमित 20-45 आयु वर्ग के पुरुष हैं. पटना में संक्रमण के नौ नये मामले सामने आये हैं जिसके बाद कुल संक्रमितों की संख्या 186 तक पहुंच गयी.

वहीं कटिहार में 19, बेगूसराय में 17, समस्तीपुर में 10, गोपालगंज में नौ, सारण में छह, खगड़िया में पांच, नवादा में तीन, मधेपुरा में दो, वैशाली, पूर्वी चम्पारण, अरवल और सुपौल में एक-एक मामले सामने आये हैं. पटना के बाद सबसे ज्यादा संक्रमितों की संख्या मुंगेर में 137, रोहतास में 123, बेगूसराय में 122, मधुबनी में 115, जहानाबाद में 106 और बक्सर में 100 है.

629 लोग हुए स्वस्थ

राज्य में कोरोना वायरस संक्रमण से 629 लोग स्वस्थ हुए हैं. बिहार में संक्रमण का पहला मामला 22 मार्च को सामने आया था और चार सप्ताह बाद सौ का आंकड़ा पार हुआ था लेकिन राज्य में प्रवासी श्रमिकों के लौटने के बाद से मामले तेजी से बढ़े हैं.

स्वास्थ्य विभाग के मुताबिक तीन मई से अब तक 1,184 प्रवासी श्रमिक इस वायरस से संक्रमित हो चुके हैं. इनमें से 333 लोग दिल्ली से आए हैं जबकि महाराष्ट्र से 212, हरियाणा से 80, पश्चिम बंगाल से 65, राजस्थान से 45, उत्तर प्रदेश से 41 और तेलंगाना से 38 श्रमिक लौटे हैं.

राज्य सरकार के आंकड़ों के अनुसार अन्य राज्यों से शुक्रवार को 85 ट्रेनों से 1.40 लाख लोग आए हैं. इसके अलावा शनिवार को 90 ट्रेनों से 1.50 लाख लोगों के लौटने की संभावना है. राज्य में अब तक 58,905 नमूनों की जांच हुई है. राज्य सरकार प्रतिदिन 10,000 जांच की क्षमता हासिल करने के लिए प्रयास तेज कर रही है. 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Related Articles

Back to top button