
Ranchi: प्रशिक्षित सहायक अध्यापकों (पारा शिक्षक) की पहली आकलन परीक्षा रविवार को हो गयी. परीक्षा के लिए रांची मारवाड़ी महिला कॉलेज और निर्मला कॉलेज में केंद्र बनाया गया था. रांची के मारवाड़ी महिला कॉलेज में 1716 उम्मीदवार शामिल हुए. निर्मला कॉलेज में भी लगभग इतने की उम्मीदवार शामिल हुए. आकलन परीक्षा सुबह 10.30 बजे शुरू हुई जो दोपहर एक बजे तक चली. इस परीक्षा में राज्य के 43,273 प्रशिक्षित सहायक अध्यापक (पारा शिक्षक) शामिल हुए.
दो पेपर से सवाल पूछे गए
आकलन परीक्षा में दो पेपर से सवाल पूछे गए. पहला पेपर क्लास एक से पांच और दूसरा पेपर क्लास छह से आठ के लिए होगा. इस परीक्षा के लिए पूरे राज्य में 81 केंद्र बनाए गए थे. आज की आकलन परीक्षा में सबसे ज्यादा शिक्षकों की संख्या क्लास एक से पांच की है. पहली से पांचवीं के प्रशिक्षित 36,687 पारा शिक्षक हैं. जबकि विषय के शिक्षक के लिए छठी से आठवीं के 6586 पारा शिक्षक परीक्षा दिए. भाषा के लिए 733, विज्ञान के लिए 2539 और सामाजिक विज्ञान विषय के लिए 3314 पारा शिक्षक आकलन परीक्षा में शामिल हुए.
परीक्षा ओएमआर शीट पर ली गयी
परीक्षा ओएमआर शीट पर ली गयी.परीक्षा केंद्रों की सीसीटीवी से निगरानी की गयी. परीक्षा का रिजल्ट सितंबर तक जारी होने की संभावना है. रिजल्ट जारी करने से पहले आंसर की जारी की जायेगी. फिर इस पर आपत्ति मांगी जायेगी. आपत्ति निराकरण के बाद रिजल्ट जारी किया जायेगा. परीक्षा में सफल शिक्षकों के मानदेय में 10 फीसदी की बढ़ोतरी की जायेगी.




