
Palamu: नेशनल हाईवे 39 डालटनगंज -रांची मुख्य पथ पर पलामू जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के कसियाडीह बकोरिया के पास शुक्रवार सुबह 8 बजे एक यात्री बस और ट्रक में भीषण टक्कर हो गई. हादसे में 1 व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. मृतक चालक बताया गया है, जबकि 15 से अधिक यात्री घायल हो गए हैं. जिनमें 7 की हालत नाजुक है. सभी घायलों को तुंबागड़ा के नवजीवन अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनका इलाज जारी है. बस का नाम जेपीएस जो डालटनगंज से रांची की ओर जा रही थी.
घटना के पीछे कोहरे के कारण दृश्यता कम होने की आशंका जताई जा रही है. घटनास्थल पर राहत और बचाव कार्य में पुलिस प्रशासन और स्थानीय ग्रामीण जुटे हुए हैं. प्रशासन ने घटना की जांच शुरू कर दी है. मृतक की पहचान नहीं हो पाई है. घायलों की भी पहचान की जा रही है.
बताते चलें कि पलामू जिले में कड़ाके के ठंड पड़ रही है कोहरे का असर सुबह 10 बजे तक रह रहा है. न्यूनतम तापमान 7 डिग्री सेल्सियस हो गया है.




