JharkhandJharkhand StoryKhas-KhabarLead NewsMain SliderNEWSRanchiSports

37वां नेशनल गेम्स: झारखंड के खिलाडियों के लिए 21 अगस्त से प्रशिक्षण शिविर

Ranchi: गोवा में 25 अक्टूबर से 8 नवंबर तक आयोजित किये जाने वाले नेशनल गेम्स के 37वें संस्करण के लिए खेल विभाग, झारखंड ने कमर कस लिया है. इस संबंध में बुधवार को विभाग, खेल संघ और झारखंड ओलंपिक संघ की संयुक्त बैठक हुई. इसमें नेशनल गेम्स की तैयारियों के मद्देनजर कई महत्वपूर्ण फैसले लिए गए. बैठक में खेल निदेशक सरोजिनी लकड़ा ने राज्य के खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के लिए सरकार की प्रतिबद्धता पर जोर दिया. उन्होंने कहा कि खेल विभाग नेशनल गेम्स में खिलाड़ियों के बेहतर प्रदर्शन के लिये हर सम्भव सहायता करेगा. झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन की तरफ से प्रस्तुत किये गए प्रतिवेदन पर बैठक में सभी की सहमति बनी.

इसे भी पढ़ें: शिक्षकों की भूतलक्षी प्रोन्नति पर झारखंड हाई कोर्ट ने लगाई मुहर

बैठक में फैसला लिया गया कि नेशनल गेम्स में क्वालीफाई कर चुके विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों के लिए प्रशिक्षण शिविर का आयोजन तीन चरणों मे किया जाएगा. पहले प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 21 अगस्त से प्रारंभ होकर 8 सितंबर तक चलेगा. द्वितीय प्रशिक्षण शिविर 11 से 30 सितंबर तक चलेगा जबकि तीसरे और फाइनल प्रशिक्षण शिविर का आयोजन 7 अक्टूबर से प्रारंभ होकर विभिन्न खेलों के खिलाड़ियों के नेशनल गेम्स में भाग लेने के पूर्व तक जारी रहेगा.

कैंप की तैयारियों में जुटे खिलाड़ी

नेशनल गेम्स के लिए आयोजित इस कैम्प का आयोजन राँची के विभिन्न स्टेडियम में होगा. रहने और खाने की सम्पूर्ण व्यवस्था खेल विभाग के द्वारा की जाएगी. इस दौरान खिलाड़ियों के पौष्टिक आहार की व्यवस्था की जाएगी जिसके लिए डाइट प्लान खेल संघों को उपलब्ध कराना होगा. कैम्प के दौरान फिजियो और मसाज करने वाले का इंतजाम भी किया जाएगा. नेशनल गेम्स के दौरान भी ये झारखंड दल का हिस्सा होंगे.

नेशनल गेम्स के इस शिविर के प्रथम चरण के शिविर में खिलाड़ियों को ट्रेनिंग किट के रूप में ट्रैक सूट और दो सेट ट्रेनिंग किट दिए जायेंगे. सामान्य रूप से झारखंड दल का प्रतिनिधित्व राज्य के खिलाड़ी ही कर पाएंगे. विशेष परिस्थिति में दूसरे राज्य के वैसे खिलाड़ी जो झारखंड में पिछले छह महीने से नौकरी कर रहे हों या पढ़ रहे हों, अपने क्वालिफिकेशन के आधार पर राज्य दल का हिस्सा बन सकते हैं.  खिलाड़ियों के स्वास्थ्य की देखभाल के लिए मेडिकल की उचित व्यवस्था होगी. इनके ग्रुप इंश्योरेंस की व्यवस्था भी की जाएगी.

उद्घाटन और समापन समारोह के लिए सेरेमोनियल किट

नेशनल गेम्स में भाग लेने वाले झारखंड दल के लिए सेरेमोनियल किट की भी व्यवस्था की जाएगी।यह सेरेमोनियल कीट झारखंड के रंग से सराबोर होगा जिसमें महिला खिलाड़ी के लिए साड़ी और पुरुष खिलाड़ी के लिए कुर्ता पजामा और विशेष रूप से डिज़ाइन किये गए ब्लेज़र शामिल होंगे।इसके साथ साथ खिलाड़ी को ट्रैक सूट भी दिया जाएगा इसे पहन कर वो मेडल सेरेमनी या अन्य इवेंट में भाग ले सकेंगे.

 ये खेल हैं शामिल

नेशनल गेम्स के 37वें संस्करण में ये खेल होंगे शामिल-

एथलेटिक्स, आर्चरी, हॉकी (महिला और पुरुष), लॉन बॉल्स, वुशु, कबड्डी (महिला), रोइंग,

फुटबॉल (महिला) और बीच सॉकर, रॉल बॉल, मलखम्भ (पुरुष और महिला).

इन खेलों के अलावे कुश्ती, सेपक टकरा,हैंडबॉल आदि खेलों के शामिल होने की भी सम्भावना है। साथ ही कुछ अन्य खेलों को टोकन एंट्री भी मिल सकती है। बैठक में सरोजिनी लकड़ा के अलावा उप निदेशक साझा श खाखा, झारखंड ओलंपिक एसोसिएशन के महासचिव डॉ मधुकांत पाठक, शिवेंद्र दुबे,रजनीश कुमार आदि भी उपस्थित थे.खेल निदेशक के मुताबिक बैठक के दौरान लिए गए सभी महत्वपूर्ण मुद्दों को विभागीय अनुमोदन के लिए भेजा जाएगा और आगे की कार्रवाई की जाएगी.

Related Articles

Back to top button